कटनी के निजी चिकित्सक के साथ 25 लाख की ठगी, असली सोना दिखाकर नकली सोने की डिलिवरी, जबलपुर में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद खुलासा, डेढ़ करोड़ नगद, असली सोने की गिन्नियां और 20 किलो ग्राम नकली सोना बरामद

कटनी, यशभारत। असली सोना दिखाकर नकली सोना देकर करीब सवा करोड़ रूपए की धोखाधड़ी करने वाले अंर्तराज्यीय गिरोह का जबलपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को उत्तरप्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया है, जो कि एक ही परिवार के हैं। आरोपियों से पूछताछ के बाद एक बड़ा खुलासा हुआ है और इसके तार कटनी से जुड़े हैं। आरोपियों द्वारा कटनी बस स्टेंड में 12 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से 7 किलोग्राम नकली सोना दिया गया था। इसके अलावा इस मामले में कटनी के एक निजी चिकित्सक के साथ 25 लाख रूपए की ठगी होने का भी खुलासा हुआ है। आरोपियों द्वारा नई बस्ती आदर्श कॉलोनी निवासी एक निजी चिकित्सक को करीब 25 लाख रूपए का चूना लगाया गया है। खिरहनी ओव्हर ब्रिज के पास निजी चिकित्सक को असली सोने की गिन्नियां दिखाकर नकली सोने की गिन्नियां दी गई है। जब उन्होंने इसकी जांच कराई, तब उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। हालांकि इस मामले में अब तक निजी चिकित्सक ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। जबलपुर में इस मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने निजी चिकित्सक को बातचीत के लिए कार्यालय बुलाया है।
गिरफ्तार आरोपी एक ही परिवार के
क्राइम ब्रांच जबलपुर ने इस मामले में पन्नालाल राजोर पिता गंगाराम राठौर उम्र 70 साल, धर्मेन्द्र विता पन्नालाल राठौर उम्र 34 साल, वीरेन्द्र पिता पन्नालाल राठौर उम्र 30 साल एवं रामाची तिला 2 साल सभी निवासी मलाना आदर्शनगर वल्लभगढ़ जिला फरीदाबाद हरियाणा को गिरफ्तार किया है। क्राईम ब्रांच एवं सायबर टीम ने सभी चारों आरोपियों से एक करोड़ 55 लाख रुपए नगद, 84 ग्राम असली सोने की गिन्नियां, लगभग 20 किलो ग्राम नकली सोने की गिन्नियां तथा 11 मोबाइल जब्त किए हैं।
गड़ा धन मिलने की बात कहकर फंसाते थे जाल में
क्राइम ब्रांच जबलपुर थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा ने बताया कि अंतर्राज्जीय ठग गिरोह के सदस्यों द्वारा गड़ा धन मिलने की बात कहकर लोगों को अपने जाल में फंसाया जाता था। मौके पर सोने की असली गिन्नियां दिखाई जाती थी और जब देने की बारी आती थी, तब नकली सोना दे दिया जाता था। इस तरह आरोपियों ने करीब डेढ़ करोड़ रूपए की ठगी की थी। तीन अलग-अलग मामलों में शिकायत दर्ज होने के उपरांत वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अंतर्राज्जीय ठग गिरोह का खुलासा किया गया। इसके अलावा एक मामला कटनी से भी जुड़ा हुआ है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि आरोपी पनागर में किराये का मकान लेकर रहते थे। जिसमें यह सभी ठगी की रकम और सामान को छिपा रखा था। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यहां से भारी मात्रा में नकदी और असली नकली सोना बरामद किया।
झांसी से पकड़े गए आरोपी
जबलपुर पुलिस टीम को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों के उत्तर प्रदेश के झांसी में होने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद जबलपुर से पहुंची टीम ने दबिश देकर चारों को गिरफ्तार कर जबलपुर लेकर गई। उनसे पूछताछ की गई जिसके बाद मामले की परतें खुलती चली गई।
इनका कहना है
जबलपुर में पकड़े गए गिरोह द्वारा कटनी के एक निजी चिकित्सक के साथ धोखाधड़ी किए जाने की सूचना मिली है। इसके बाद निजी चिकित्सक को मामले की जानकारी के लिए ऑफिस बुलाया गया है।
-अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक







