एमपी में पशु तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, एक माह में 409 पशु मुक्त

एमपी में पशु तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, एक माह में 409 पशु मुक्त
– कटनी में 354 पशुओं से भरा ट्रक पकड़ा, सिवनी-खरगोन-बुरहानपुर में भी कार्रवाई
भोपाल, यश भारत । मध्यप्रदेश में गौवंश और अन्य पशुओं की अवैध तस्करी तथा क्रूरतापूर्वक परिवहन के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पिछले एक महीने में सिवनी, खरगोन, कटनी और बुरहानपुर में कार्रवाई कर 409 पशु मुक्त कराए गए। तस्करी में इस्तेमाल वाहनों को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
सबसे बड़ी कार्रवाई कटनी के निवार चौकी क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने बिना परमिट और क्रूरतापूर्वक 354 पशुओं को ले जा रहे 12 चक्का टाटा ट्रक को पकड़ा। मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की है।
सिवनी में कोतवाली पुलिस ने सागर से नागपुर ले जाए जा रहे 23 गौवंश को मुक्त कराया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कंटेनर जब्त किया। इसी जिले में अवैध रूप से संचालित बूचड़खाने पर कार्रवाई कर चार मवेशियों को मुक्त कराया गया और चार आरोपी गिरफ्तार किए गए।
खरगोन में अलग-अलग मामलों में 14 गौवंश को मुक्त कराने के साथ दो वाहन जब्त किए गए। वहीं बुरहानपुर में पुलिस ने 14 गौवंश को मुक्त कराया और करीब 2.80 लाख रुपये कीमत का ट्रक जब्त किया।







