भाजपा को बड़ा झटका, 600 कार्यकर्ताओं ने छोड़ा साथ सुरेंद्र त्यागी के नेतृत्व में जदयू में शामिल हुए कार्यकर्ता, श्रवण गुप्ता बने नगर अध्यक्ष , जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीश कुमार के कंधों को और मजबूत करेंगे त्यागी

भाजपा को बड़ा झटका, 600 कार्यकर्ताओं ने छोड़ा साथ
सुरेंद्र त्यागी के नेतृत्व में जदयू में शामिल हुए कार्यकर्ता, श्रवण गुप्ता बने नगर अध्यक्ष
भोपाल यश भारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को उस समय मजबूती मिली जब भाजपा से जुड़े करीब 600 कार्यकर्ताओं ने पार्टी का साथ छोड़कर प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल की मौजूदगी में जेडीयू की सदस्यता ग्रहण की । जदयू मध्य प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने सभी नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम से पहले कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा रहा। भाजपा छोड़कर जदयू में शामिल होने वाले सुरेंद्र त्यागी को पार्टी में प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी दी गई। वहीं श्रवण गुप्ता ने भी जदयू की सदस्यता ग्रहण की और उन्हें नगर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। सदस्यता ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त प्रदेश महासचिव सुरेंद्र त्यागी ने कहा कि जदयू की नीतियों और विचारधारा को गांव से लेकर राजधानी तक जनता के बीच पहुंचाया जाएगा। संगठन को मजबूत और सशक्त बनाने के साथ ही अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल जंगल और जमीन की सुरक्षा के लिए पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी। किसानों के हित बच्चों की बेहतर शिक्षा महिलाओं की सुरक्षा स्वास्थ्य बिजली पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर जदयू जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी। त्यागी ने कहा कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव में जदयू मध्य प्रदेश में मजबूती से चुनाव लड़ेगी और युवा वर्ग को अवसर देकर संगठन का विस्तार किया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश की राजनीति में तीसरे प्रमुख दल के रूप में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना है। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों और लोकतंत्र की मजबूती के लिए जदयू जमीन पर उतरकर संघर्ष जारी रखेगी।







