जबलपुरमध्य प्रदेश

ईओडब्ल्यू की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार, बिजली विभाग का जेई मौके से फरार

ग्वालियर : आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ग्वालियर की टीम ने सोमवार को शिवपुरी जिले के करैरा में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के जूनियर इंजीनियर (जेई) और उनके कंप्यूटर ऑपरेटर को रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया है। यह कार्रवाई ग्राम दौनी निवासी किसान प्रताप सिंह रावत की शिकायत पर की गई, जिनसे उनके खेत में लगे दो डीपी (ट्रांसफार्मर) के विद्युत कनेक्शन के बदले जेई सुरजीत मिश्रा द्वारा 30,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद ईओडब्ल्यू ने जाल बिछाया, जिसमें कंप्यूटर ऑपरेटर रंगे हाथों धरा गया, जबकि मुख्य आरोपी जेई मौके से भागने में सफल रहा।

घटनाक्रम के अनुसार, फरियादी प्रताप सिंह ने 13 मार्च को ईओडब्ल्यू ग्वालियर में शिकायत दर्ज कराई थी कि जेई सुरजीत मिश्रा उनके पिता के नाम की कृषि भूमि पर बिजली कनेक्शन देने के बदले रुपयों की मांग कर रहे हैं। सोमवार को निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह कुशवाह के नेतृत्व में ईओडब्ल्यू का ट्रैप दल जब करैरा कार्यालय पहुंचा, तब आरोपी जेई ने फोन पर रिश्वत की राशि अपने कंप्यूटर ऑपरेटर प्रवीण कुशवाह को देने का निर्देश दिया। जैसे ही आवेदक ने रिश्वत के 20,000 रुपये प्रवीण को सौंपे, टीम ने उसे दबोच लिया। रासायनिक घोल से हाथ धुलवाने पर ऑपरेटर के हाथ गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।

वर्तमान में, ईओडब्ल्यू ने रिश्वत की राशि जब्त कर कंप्यूटर ऑपरेटर प्रवीण कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी जेई सुरजीत मिश्रा को कार्रवाई की भनक लगते ही वह घटनास्थल से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस ने आरोपी जेई के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक मदन मोहन मालवीय, एडीपीओ अनिल कुमार लोधी, उप निरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा, हरिकिशोर चतुर्वेदी सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button