मध्य प्रदेश में 10 घंटे बिजली पर अड़ा किसान हित, विवादित सर्कुलर निरस्त, CGM हटाए गए

मध्य प्रदेश में 10 घंटे बिजली पर अड़ा किसान हित, विवादित सर्कुलर निरस्त, CGM हटाए गए
भोपाल, यशभारत: मध्य प्रदेश की सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए बिजली वितरण से जुड़े एक विवादित सर्कुलर को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं हस्तक्षेप करते हुए स्पष्ट किया है कि राज्य के अन्नदाता किसानों को हर हाल में 10 घंटे की निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलती रहेगी।
10 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित: मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश के किसानों को 10 घंटे बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी स्थिति में उन्हें असुविधा नहीं होने दी जाएगी। जिस सर्कुलर ने किसानों और आम जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा की थी, उसे तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। इस विवादित आदेश को जारी करने वाले सीजीएम (CGM) अजय कुमार जैन को पद से हटा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो।
मुख्यमंत्री बोले: किसान हित सर्वोपरि
डॉ. मोहन यादव ने मीडिया को जारी संदेश में कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण और हित संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “प्रदेश में एक संवेदनशील और किसान हितैषी सरकार कार्यरत है, जो किसानों की तकलीफों को समझते हुए उनके हित में लगातार निर्णय ले रही है।” सरकार का लक्ष्य किसानों की आमदनी बढ़ाना और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाना है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि “अन्नदाता की समृद्धि ही प्रदेश की समृद्धि है।”







