वकील यावर खान के खिलाफ छेड़छाड़ के मामले में जांच शुरू

वकील यावर खान के खिलाफ छेड़छाड़ के मामले में जांच शुरू
-पीडि़ता के बयान के बाद दर्ज हो सकता है केस, एक दिन पहले दर्ज हुआ धोखाधड़ी का मामला
भोपाल, यशभात। अशोका गार्डन थाना क्षेत्र की एक नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो मामले में गिरफ्तार वकील यावर खान के खिलाफ अब तक दो केस दर्ज हो चुके हैं। कल कमला नगर थाना पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। वहीं आरेापी के खिलाफ पुलिस संगठित अपराध के मामले की भी जांच कर रही है। अब पुलिस वकील यावर खान पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज हो सकता है। एक पीडि़ता ने उसके खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने मामला दबा दिया था, लेकिन यावर के खिलाफ दो केस दर्ज होने के बाद शाहजहांनाबाद पुलिस ने एक बार फिर छेड़छाड़ के मामले की फाइन खोलकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ईदगाह हिल्स इलाके में रहने वाली एक महिला ने वकील यावर खान के खिलाफ शाहजहांनाबाद थाना में छेडछाड़ की शिकायत की थी। सूत्र बताते हैं कि इस मामले में पुलिस ने वकील के दबाव में आकर महिला की शिकायत पर तुरंत केस दर्ज करने के बजाए मामले को जांच में लेकर कुछ समय बाद नस्तिबद्ध कर दिया था। इस मामले की जांच एक महिला सब इंस्पेक्टर को दी गई थी। लेकिन लापरवाही सामने आने के बाद एक बार फिर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शिकायत की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही पीडि़त महिला के बयान दर्ज करने के बाद आरोपी वकील यावर खान के खिलाफ शाहजहांनाबाद थाना में छेड़छाड़ का केस दर्ज हो सकता है। पुलिस की माने तो फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई-
बताया जा रहा है कि नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोपी वकील यावर खान के खिलाफ शाहजहांनाबाद थाने में 2023 या 2024 में शिकायत की गई थी। इस मामले में पीडि़त महिला की शिकायत पर थाना प्रभारी अथवा जांच अधिकारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की थी। इस बात की भी जांच की जाएगी। वहीं जांच में लापरवाही बतरने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
यावर पर अब तक दो केस दर्ज-
अशोका गार्डन पुलिस ने आरोपी यावर खान के खिलाफ एक नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। जहां से आरोपी यावर को जेल भेज दिया गया। इसके बाद कोर्ट ने आरोपी यावर की जमानत अर्जी खारिज कर दी थी। कल कमला नगर थाना पुलिस ने भी वकील यावर खान के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
संगठित अपराध में शामिल होने का अंदेशा-
आरोपी यावर खान से पहले पुलिस ने 31 जनवरी 2025 को महिलाओं समेत 31 लोगों पर आरोपियों पर केस दर्ज किया था। पुलिस जांच में सेक्स रैकेट चलाने वाले गिरोह के साथ यावर खान की भूमिका का पता चला है। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह को वकील यावर खान का संरक्षण प्राप्त था। जांच में यावर की भूमिका का पता चलने के बाद उस पर पभी संगठित अपराध की धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा।





