इंदौरग्वालियरजबलपुरभोपालमध्य प्रदेशराज्य

रबी सीजन और दीपावली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें : ऊर्जा मंत्री तोमर

बिजली बिलों की गड़बड़ियां जल्द सुधारें, ट्रिपिंग रोकने के लिए नियमित समीक्षा के निर्देश

जबलपुर, यश भारत। रबी सीजन और दीपावली के दौरान उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना न करना पड़े, इसके लिए ऊर्जा विभाग सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करे। बिजली की मांग और आपूर्ति पर लगातार नजर रखने के साथ ट्रिपिंग की समस्या को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार को भोपाल में विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को ये निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने आगामी सिंहस्थ को देखते हुए भी निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए अभी से सुनियोजित कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को हर महीने बिजली बिल उपलब्ध कराए जाएं और नियमित रूप से वसूली भी की जाए। लंबे समय तक बिल लंबित रहने से वसूली में परेशानी आती है।

बिजली बिलों की शिकायतों का हो त्वरित निराकरण

मंत्री तोमर ने कहा कि बिजली बिलों में होने वाली त्रुटियों को जल्द सुधारा जाए, ताकि उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित किया जाए।

ट्रिपिंग पर जताई नाराजगी

ऊर्जा मंत्री ने संसाधनों में वृद्धि के बावजूद बिजली ट्रिपिंग में अपेक्षित कमी नहीं आने पर सवाल उठाए। उन्होंने बिजली वितरण कंपनियों के प्रबंध संचालकों को संभाग स्तर पर बैठकें कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह, सचिव ऊर्जा विशेष गढ़पाले तथा तीनों बिजली वितरण कंपनियों के प्रबंध संचालक और वरिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शासन की मंशा के अनुरूप विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button