1 नवंबर को सूर्या हाफ मैराथन की ट्रायल दौड़, जुटेंगे एक हजार धावक
22 नवंबर को होगा मुख्य आयोजन, 10 हजार से अधिक धावकों के शामिल होने की उम्मीद

जबलपुर, यश भारत। संस्कारधानी में खेल भावना, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अनुशासन का संदेश देने के लिए भारतीय सेना और नगर निगम के संयुक्त सहयोग से सूर्या हाफ मैराथन आयोजित की जा रही है। मुख्य आयोजन से पहले 1 नवंबर को ट्रायल दौड़ होगी, जिसमें करीब एक हजार धावक हिस्सा लेंगे। दौड़ सुबह 6 बजे राइट टाउन स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम से शुरू होगी।
22 नवंबर को होगा भव्य आयोजन
ट्रायल दौड़ के जरिए व्यवस्थाओं, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को परखा जाएगा। इसके बाद 22 नवंबर को मुख्य सूर्या हाफ मैराथन आयोजित होगी। इसमें 10 हजार से अधिक धावकों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन का उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ स्वच्छता, राष्ट्रीय एकता और अनुशासन का संदेश देना है।
महापौर ने तैयारियों की समीक्षा की
आयोजन की तैयारियों को लेकर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें भारतीय सेना के कर्नल सीएस मैनी, यातायात विभाग के डीएसपी शुक्ला सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में धावकों की सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल और यातायात व्यवस्था पर चर्चा की गई।
इन मार्गों से गुजरेगी दौड़
ट्रायल दौड़ पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम से शुरू होकर अशोका होटल चौराहा, तीनपत्ती, महाराणा प्रताप चौक, नौदरा ब्रिज, रसल चौक, जबलपुर हॉस्पिटल, ब्लूम चौक, नवभारत प्रेस, पंकज होटल और गौमाता चौक से होते हुए वापस स्टेडियम पहुंचेगी।






