भोपालमध्यप्रदेश

चंद्रशेखर तिवारी के समर्थन में पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे सैकड़ों लोग, ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग

चंद्रशेखर तिवारी के समर्थन में पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे सैकड़ों लोग, ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग

भोपाल, यशभारत। हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के चेहरे पर स्याही पोते जाने की घटना को लेकर भोपाल में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। घटना के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में विभिन्न सामाजिक संगठनों और हिंदू समाज के लोग पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे। चंद्रशेखर तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने प्रशासन से मुलाकात कर घटना के संबंध में ज्ञापन सौंपा और संबंधित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस आयुक्त कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में लोगों का जमावड़ा देखने को मिला। तिवारी के समर्थन में पहुंचे लोगों ने उनके साथ हुई घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और समाज के लोग भी मौजूद रहे।

भवानी चौक पर चेहरे पर पोती थी स्याही

गौरतलब है कि सोमवार को पीर गेट स्थित भवानी चौक पर हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के साथ कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर अभद्रता करते हुए उनके चेहरे पर स्याही पोत दी गई थी। घटना के बाद मामला चर्चा में आ गया। बताया जा रहा है कि इस विवाद की पृष्ठभूमि गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे की तेज आवाज को लेकर हुई पुलिस कार्रवाई और उसके बाद उपजे विवाद से जुड़ी है।

जातिसूचक टिप्पणी के आरोप के बाद बढ़ा विवाद

घटना को लेकर प्रदर्शनकारियों की ओर से आरोप लगाया गया था कि चंद्रशेखर तिवारी ने एक साक्षात्कार के दौरान अनुसूचित जाति के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। विवाद बढ़ने के बाद तिवारी ने वीडियो जारी कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। इसके बावजूद उनके साथ हुई घटना को लेकर विरोध सामने आया है।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

ज्ञापन के माध्यम से लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। अब इस मामले में पुलिस प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी। घटना के बाद सामने आए दोनों पक्षों के आरोपों और विवाद की संवेदनशीलता को देखते हुए निष्पक्ष जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button