मध्यप्रदेश में IPS अधिकारियों के तबादले, सागर और देवास को मिले नए SP
अनुराग सुजानिया पुलिस मुख्यालय भेजे गए, संजीव सिन्हा को सागर और आदित्य मिश्रा को देवास की कमान

भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस प्रशासन में फेरबदल करते हुए गृह विभाग ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव में सागर और देवास जिले के पुलिस अधीक्षकों की जिम्मेदारी बदली गई है। आदेश के तहत दोनों जिलों में नए पुलिस अधीक्षक नियुक्त किए गए हैं, जबकि मौजूदा अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग सुजानिया को सागर पुलिस अधीक्षक के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय, भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं, 2016 बैच के अधिकारी संजीव कुमार सिन्हा को सागर जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। सिन्हा इससे पहले ग्वालियर स्थित 14वीं वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल में सेनानी के पद पर कार्यरत थे।इसी तरह, 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी पुनीत गहलोत को देवास पुलिस अधीक्षक के पद से स्थानांतरित कर 14वीं वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल, ग्वालियर में सेनानी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी आदित्य मिश्रा को बालाघाट पुलिस अधीक्षक के पद से हटाकर देवास जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। गृह विभाग के इस आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना के अनुसार जिम्मेदारी संभालनी होगी।







