फर्जी आधार कार्ड से जमीन का फर्जी सौदा, 10 लाख की ठगी – एआई की मदद से तैयार किए नकली दस्तावेज, जमीन मालिक बनकर किया विक्रय अनुबंध, दो आरोपी गिरफ्तार

फर्जी आधार कार्ड से जमीन का फर्जी सौदा, 10 लाख की ठगी
– एआई की मदद से तैयार किए नकली दस्तावेज, जमीन मालिक बनकर किया विक्रय अनुबंध, दो आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, यश भारत । फर्जी आधार कार्ड तैयार कर करोड़ों रुपये कीमत की जमीन को अपना बताकर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को सूखी सेवनिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कंप्यूटर और एआई तकनीक की मदद से फर्जी आधार कार्ड तैयार किए और इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर जमीन के मालिक होने का दावा करते हुए कूटरचित विक्रय अनुबंध तैयार किया था। पुलिस ने मामले में तीन हजार रुपये के इनामी आरोपी धनसिंह चौधरी और उसके साथी अखिलेश उर्फ छिपा को पकड़ा है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड बनाने के लिए कंप्यूटर सिस्टम का इस्तेमाल किया। तैयार दस्तावेजों में वास्तविक व्यक्तियों की पहचान से छेड़छाड़ कर उन्हें जमीन के स्वामित्व से जोड़ने का प्रयास किया गया। इसके बाद कूटरचित दस्तावेजों के जरिए जमीन का सौदा तय कर फरियादी से 10 लाख रुपये हासिल कर लिए गए। धोखाधड़ी सामने आने के बाद सूखी सेवनिया थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोपाल देहात पंकज कुमार पाण्डेय ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। धनसिंह चौधरी की गिरफ्तारी पर तीन हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में धनसिंह चौधरी पिता भागचंद चौधरी, निवासी ग्राम बिरहाश्यामखेड़ी, थाना बैरसिया और अखिलेश उर्फ छिपा पिता बिहारीलाल, उम्र 34 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-4 बसई, थाना बैरसिया शामिल हैं।
कंप्यूटर-प्रिंटर और नकदी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी आधार कार्ड तैयार करने में इस्तेमाल कंप्यूटर और प्रिंटर बरामद किए हैं। इसके अलावा धोखाधड़ी से संबंधित नकदी भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार कुल 1.20 लाख रुपये का मशरूका आरोपियों से बरामद हुआ है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें केंद्रीय जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फर्जी आधार कार्ड तैयार कर जमीन संबंधी दस्तावेजों में हेरफेर करने के इस खेल में और कितने लोग शामिल हैं तथा आरोपियों ने इसी तरीके से अन्य लोगों को तो निशाना नहीं बनाया।







