यशभारत ब्रेकिंग : वाणिज्यिक कर अधिकारी के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, आय से 264 फीसदी अधिक खर्च का खुलासा, देखे वीडियो —-

जबलपुर,यश भारत। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार, 27 अक्टूबर को वाणिज्यिक कर विभाग के अधिकारी मनीष कुमार जैन के जबलपुर स्थित आवास पर छापा मारा। सुबह छह बजे से शुरू हुई कार्रवाई में अब तक की जांच के दौरान अधिकारी और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर कई अचल संपत्तियों, वाहनों और बीमा पॉलिसियों का विवरण सामने आया है। लोकायुक्त के अनुसार, प्रारंभिक आकलन में अधिकारी की कुल आय 1 करोड़ 3 लाख 73 हजार 317 रुपये के मुकाबले 3 करोड़ 78 लाख 25 हजार 707 रुपये का व्यय पाया गया है। यह राशि उनकी आय का लगभग 364.64 प्रतिशत है, यानी आय से करीब 264.64 प्रतिशत अधिक व्यय दर्ज किया गया है।

शिकायत के सत्यापन के बाद दर्ज किया मामला
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, वाणिज्यिक कर विभाग में पदस्थ मनीष कुमार जैन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत का सत्यापन निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया ने किया। प्रारंभिक जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। इसके बाद मंगलवार सुबह उनके जबलपुर स्थित आवास पर छापे की कार्रवाई शुरू की गई।
जबलपुर, भोपाल और सागर में संपत्तियों का ब्योरा

लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच में अधिकारी के स्वयं के साथ उनकी पत्नी निधि जैन, पिता कोमलचंद जैन और माता शशि जैन के नाम पर जमीन, मकान और फ्लैट होने की जानकारी सामने आई है। विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, जबलपुर में अधिकारी के नाम पर 278.74 वर्ग मीटर भूमि की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 43 लाख 60 हजार 880 रुपये बताई गई है। उनकी पत्नी के नाम पर जबलपुर में 116.14 वर्ग मीटर के दो भूखंडों का उल्लेख है, जिनमें प्रत्येक की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 56 हजार 375 रुपये बताई गई है। भोपाल में पत्नी के नाम पर 180 वर्ग मीटर भूमि पर बने बंगले की अनुमानित कीमत 22 लाख 87 हजार 126 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 402.41 वर्ग मीटर के भूखंड की कीमत करीब 13 लाख 68 हजार 550 रुपये और 83.18 वर्ग मीटर के फ्लैट की कीमत लगभग 13 लाख 34 हजार 630 रुपये आंकी गई है।
माता-पिता के नाम पर भी मकान और वाहन
जांच में सागर जिले के बंडा में अधिकारी की माता शशि जैन के नाम पर 92.93 वर्ग मीटर के भूखंड पर बने मकान की अनुमानित लागत 23 लाख 49 हजार 140 रुपये बताई गई है। वहीं, पिता कोमलचंद जैन के नाम पर 91.07 वर्ग मीटर के भूखंड पर बने मकान की लागत 43 लाख 19 हजार 388 रुपये तथा 111.48 वर्ग मीटर के एक अन्य भूखंड पर बने मकान की लागत करीब 2 लाख 86 हजार 485 रुपये दर्ज की गई है।इसके अलावा पत्नी निधि जैन के नाम पर मारुति स्विफ्ट कार और सुजुकी एक्सेस दोपहिया वाहन होने की जानकारी दी गई है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। अधिकारी और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर बीमा पॉलिसियों से संबंधित अनुमानित व्यय 33 लाख 93 हजार 986 रुपये बताया गया है।
तीन टीमों ने संभाली कार्रवाई
लोकायुक्त पुलिस महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटले के निर्देशन में गठित दल में उप पुलिस अधीक्षक नीतू त्रिपाठी, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया, राहुल गजभिये सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। दूसरी टीम में उप पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति तथा निरीक्षक शशि मस्कुले और जितेंद्र यादव शामिल हैं। तीसरी टीम का नेतृत्व निरीक्षक रजनी तिवारी कर रही हैं। लोकायुक्त के मुताबिक, छापे की कार्रवाई के दौरान सामने आए संपत्ति संबंधी विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है। आय, व्यय और संपत्तियों के स्रोतों की जांच के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल कार्रवाई जारी है।







