NH-44 पर ट्राले में घुसी पिकअप, पीछे से यात्री बस भी भिड़ी: 30 से अधिक यात्री सवार, मच गया हड़कंप…. देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के सिवनी-लखनादौन मार्ग पर नेशनल हाईवे-44 स्थित गणेशगंज बायपास ब्रिज के पास सोमवार हादसा हो गया। यहां एक पिकअप वाहन आगे चल रहे ट्राले में जा घुसा। इसी दौरान पीछे से आ रही यात्री बस भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी की जनहानि नहीं हुई और बस में सवार सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल यात्री बस गोरखपुर से हैदराबाद की ओर जा रही थी। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। गणेशगंज बायपास ब्रिज के समीप पिकअप वाहन ट्राले से टकरा गया। इसी बीच पीछे से आ रही यात्री बस भी उससे भिड़ गई। एक के बाद एक तीन वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने से हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। हालांकि, हादसे में किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
दुर्घटना के चलते नेशनल हाईवे-44 पर वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए प्रभावित रही। स्थिति ऐसी बन गई कि पंचवटी ढाबे के सामने से लखनादौन से सिवनी की ओर जाने वाले वाहनों को रॉन्ग साइड से निकालना पड़ा। इससे मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बनने लगी और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पेट्रोलिंग टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाया और यातायात को व्यवस्थित कर आवागमन सुचारू कराया। इसके बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
सुरक्षित दूरी और सतर्कता जरूरी
नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और वाहनों के बीच पर्याप्त दूरी नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। विशेषकर भारी वाहनों के पीछे चलने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है। ऐसे मार्गों पर निर्धारित गति सीमा का पालन करना, आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखना और अचानक ब्रेक लगाने जैसी परिस्थितियों के प्रति सतर्क रहना जरूरी है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।







