शस्त्र पूजा के बाद बड़ा हादसा: अलमारी में रखते वक्त चली लाइसेंसी बंदूक, सहायक आबकारी अधिकारी की पत्नी गंभीर

सतना । सिविल लाइन थाना क्षेत्र की मंदाकिनी विहार कॉलोनी में लाइसेंसी बंदूक से गोली चलने पर सहायक आबकारी अधिकारी की पत्नी घायल हो गईं।
बताया जा रहा है कि गोली दीपमाला सिंह (50) के पेट में लगी। परिजन और किराएदार उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रीवा रेफर कर दिया गया।
घर में शस्त्र पूजा की गई थी। दीपमाला मंदिर से बंदूक लेकर उसे अलमारी में रखने जा रही थीं।
इसी दौरान अचानक फायर हो गया और गोली उनके पेट में जा लगी। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। पति देवेंद्र प्रताप सिंह और किराएदार उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे।
रीवा में पदस्थ हैं
बताया जा रहा है कि देवेंद्र प्रताप सिंह रीवा में सहायक आबकारी अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं और अवकाश पर सतना आए हुए थे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उस समय घायल महिला को परिजन अस्पताल ले जा चुके थे।
पुलिस ने मकान का ताला खुलवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे में लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक मिली, जबकि किचन के पास रखे दीवान पर खिड़की के टूटे कांच बिखरे हुए थे।
पुलिस को मौके पर खून के निशान और कारतूस का खाली खोखा नहीं मिला।







