एक तरफ राहुल गांधी जिंदाबाद , दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी जिंदाबाद , बैरिकेड के दोनों ओर आमने-सामने भाजपा कांग्रेस भोपाल में सियासी टकराव के आसार, कांग्रेस कार्यालय की सुरक्षा में जुटी यूथ कांग्रेस, भारी पुलिस बल तैनात, चप्पे-चप्पे पर निगरानी

एक तरफ राहुल गांधी जिंदाबाद , दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी जिंदाबाद , बैरिकेड के दोनों ओर आमने-सामने भाजपा कांग्रेस
भोपाल में सियासी टकराव के आसार, कांग्रेस कार्यालय की सुरक्षा में जुटी यूथ कांग्रेस, भारी पुलिस बल तैनात, चप्पे-चप्पे पर निगरानी
भोपाल। यश भारत। राजधानी भोपाल में सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय के बाहर उस समय सियासी माहौल गरमा गया, जब भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। एक तरफ भाजपा कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे, तो दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी जिंदाबाद के नारों के साथ डटे रहे। दोनों दलों के झंडे लहराते रहे और बैरिकेडिंग के दोनों ओर नारेबाजी व बयानबाजी का दौर चलता रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है, जो दोनों पक्षों को शांत रखने का प्रयास कर रहा है।
बैरिकेड बना दोनों दलों के बीच सुरक्षा की दीवार
भाजपा द्वारा कांग्रेस कार्यालय के घेराव के ऐलान के बाद यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी बड़ी संख्या में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर जुट गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यालय की सुरक्षा को लेकर मोर्चा संभाल लिया। वहीं भाजपा के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कार्यालय की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी। दोनों दलों के कार्यकर्ता बैरिकेड के अलग-अलग तरफ खड़े होकर अपने-अपने पक्ष में नारेबाजी करते नजर आए।
मौके पर राजनीतिक तनाव का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों ओर कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच माहौल लगातार गर्म बना हुआ है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश दिखाई दिया वहीं भाजपा कार्यकर्ता भी अपने विरोध प्रदर्शन को लेकर जुटे रहे। पुलिस की कोशिश है कि दोनों पक्षों के बीच दूरी बनी रहे और स्थिति नियंत्रण से बाहर न जाए।
खड़गे की कथित टिप्पणी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन
दरअसल बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने भोपाल स्थित कांग्रेस कार्यालय के घेराव का ऐलान किया है। इसी के मद्देनजर कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा कार्यकर्ता यदि शांतिपूर्ण तरीके से फूल लेकर आते हैं, तो उनका स्वागत गले लगाकर किया जाएगा। लेकिन प्रदर्शन की आड़ में कार्यालय को नुकसान पहुंचाने या अराजकता फैलाने की कोशिश की गई तो उसका विरोध किया जाएगा। कांग्रेस की ओर से भाजपा से भी अपील की गई है कि वह विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखे।
पुलिस के लिए चुनौती, तनाव के बीच शांति बनाए रखने की कोशिश
भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आमने-सामने होने के बाद पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ गई है। बैरिकेडिंग के दोनों ओर नारेबाजी और तीखी बयानबाजी के बीच पुलिसकर्मी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। फिलहाल कांग्रेस कार्यालय के बाहर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच सियासी शक्ति प्रदर्शन का माहौल बना हुआ है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि पुलिस की निगरानी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होता है या राजनीतिक नारेबाजी के बीच तनाव और बढ़ता है।







