मदन महल में चाय की दुकान पर दबंगों का तांडव, हफ्ता न देने पर तोड़फोड़ और मारपीट

जबलपुर,यशभारत। मदन महल स्टेशन रोड स्थित प्रसिद्ध चाय की दुकान ‘मनोहर चाय और अमृततुल्य’ में बीती रात नशे में धुत बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया और लूटपाट की कोशिश की। घटना रात करीब 12:15 बजे की है, जब दुकान संचालक आयुष गुप्ता अपने परिवार के साथ दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र के निक्की, किशन और उनके करीब आधा दर्जन साथियों ने वहां पहुंचकर दुकान पर मौजूद महिला और ग्राहकों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने ग्राहकों और दुकान मालिक के बड़े भाई के साथ बेरहमी से मारपीट की और दुकान में रखे तंदूर, भट्टियां और लाइटें तोड़ दीं।
हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए दुकान में लगे तीन-चार सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, हालांकि पूरी वारदात कैमरों में कैद हो गई है। जाते-जाते आरोपियों ने दुकानदारों को खुलेआम धमकी दी कि यदि रात 9 बजे के बाद दुकान चलानी है, तो उन्हें नियमित रूप से ‘हफ्ता’ (रंगदारी) देना होगा। इस सनसनीखेज घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मदन महल थाने में आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और पीड़ितों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग की है।







