जबलपुरमध्य प्रदेश

दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से 1250 पाव देशी शराब बरामद, अज्ञात आरोपी की तलाश जारी

गोसलपुर पुलिस की कार्रवाई

जबलपुर,यशभारत। गोसलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से 25 कार्टून में रखे 1250 पाव देशी शराब बरामद की है। जब्त शराब की कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार 27 अगस्त की रात गोसलपुर पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि रामपुर नर्सरी के पास एनएच-30 के किनारे काले रंग की स्कॉर्पियो पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हालत में खड़ी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी 09 व्ही 7688 का सामने का कांच, बोनट और हेडलाइट क्षतिग्रस्त मिले। वाहन के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।

पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो पीछे की ओर रखे 25 कार्टून मिले। कार्टूनों की जांच करने पर इनमें कुल 1250 पाव देशी शराब बरामद हुई। वाहन की अगली सीट के पास सौरभ यादव के नाम का आधार कार्ड, भूपेंद्र रोहत के नाम के रजिस्ट्रेशन कार्ड की छायाप्रति तथा क्षतिग्रस्त फ्रंट ग्लास में लगा एसबीआई का फास्टैग भी मिला। पुलिस ने शराब, वाहन और दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। अब पुलिस इन दस्तावेजों के आधार पर वाहन मालिक और शराब तस्करी से जुड़े आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भावना तिवारी के नेतृत्व में गोसलपुर पुलिस टीम द्वारा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button