मध्य प्रदेशराज्य

अनोखा रक्षाबंधन : महिला वनरक्षकों ने पेड़ों को भाई मानकर बांधी राखी, आरती उतार सुरक्षा का लिया संकल्प… देखें पूरा वीडियो

उमरिया_ यश भारत ।देश भर में रक्षाबंधन का पर्व आमतौर पर भाई-बहन के प्रेम और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प के रूप में मनाया जाता है, लेकिन बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में इस बार रक्षाबंधन का एक अनोखा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला नजारा देखने को मिला। यहां महिला वनरक्षकों ने पेड़ों को अपना भाई मानकर उन्हें राखी बांधी और उनकी आरती उतारकर जीवनभर जंगल और वृक्षों की रक्षा करने का संकल्प लिया।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में तैनात महिला वनरक्षक सुबह पूजा की थाली सजाकर जंगल में पहुंचीं। उन्होंने पेड़ों को तिलक लगाया, राखी बांधी और विधि-विधान से आरती उतारी। इस दौरान महिला वनरक्षकों ने पेड़ों की सुरक्षा का संकल्प लेते हुए कहा कि जंगल में वृक्ष ही मानव और वन्यजीवों की रक्षा करते हैं। ऐसे में इन पेड़ों को भाई मानकर रक्षाबंधन मनाना उनके लिए प्रकृति के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व खितौली परिक्षेत्र में कार्यरत महिला वनरक्षक स्मृति उपाध्याय ने पेड़ को राखी बांधकर उसकी आरती उतारी। उन्होंने कहा कि जंगल में वृक्ष हमारी रक्षा करते हैं और हम भी उनकी सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास करते हैं। इसी भावना के साथ उन्होंने पेड़ों को अपना भाई मानकर रक्षाबंधन मनाया है।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने महिला वनरक्षकों की इस पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवनभर मनुष्य और संपूर्ण मानव जाति की रक्षा करते हैं और बड़े भाई की तरह अपना धर्म निभाते हैं। पेड़ों को भाई मानकर राखी बांधना प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली अच्छी पहल है।

महिला वनरक्षकों का यह अनोखा रक्षाबंधन भाई-बहन के रिश्ते के साथ प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा का संदेश भी दे गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button