भोपालमध्य प्रदेश

राजधानी में आबकारी विभाग का आधी रात को एक्शन: होटल-ढाबों पर दबिश, पानी की टंकियों में मिली 1600 लीटर अवैध शराब

राजधानी में आबकारी विभाग का आधी रात को एक्शन: होटल-ढाबों पर दबिश, पानी की टंकियों में मिली 1600 लीटर अवैध शराब

भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने अब तक की सबसे सख्त और चौकाने वाली कार्रवाई को अंजाम दिया है। उपायुक्त आबकारी केसी अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के निर्देशों पर कंट्रोलर वर्षा उइके के मार्गदर्शन में आबकारी अमले ने बीती रात शहरभर में ताबड़तोड़ दबिश दी। इस सरप्राइज नाइट ऑपरेशन में एक ही रात के भीतर 30 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज किए गए हैं, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पानी की टंकियों में छिपा रखा था जहर:
इस कार्रवाई का सबसे सनसनीखेज पहलू ग्राम बगोनिया में सामने आया। आबकारी उप निरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने जब यहाँ दबिश दी, तो मौके का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। आरोपी राहुल पिता प्रेम अहिरवार ने घरों या खेतों में पानी स्टोर करने वाली बड़ी-बड़ी पानी की टंकियों में पानी की जगह अवैध रूप से तैयार की गई 1600 लीटर हाथ भट्टी शराब और भारी मात्रा में लहान भर रखा था। टीम ने मौके से पूरी अवैध शराब और लहान को जब्त कर आरोपी को दबोच लिया।

शहर के पाबंद इलाकों और होटलों में भी हड़कंप:
कार्रवाई का दायरा केवल ग्रामीण इलाकों तक सीमित नहीं था, बल्कि शहर के वीआईपी और पॉश इलाकों के नामचीन होटल और ढाबे भी इसकी जद में आए:

बैरागढ़ क्षेत्र: भोपाल-इंदौर रोड पर संचालित होने वाले कई प्रतिष्ठित होटलों—हॉटल रौनक, पटेल, दआर्क, किंग्स, क्लबक बाना और बिग चिल—की आबकारी अमले ने सघन जांच की। सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति उइके के नेतृत्व में हुई इस जांच से होटल संचालकों में खलबली मच गई।
एमपी नगर और अरेरा कॉलोनी: शरद मिश्रा और उनकी टीम ने शहर के कमर्शियल हब माने जाने वाले एमपी नगर के होटल दिल्ली दरबार, होटल वाइड, होटल एवेन्यू और अरेरा कॉलोनी स्थित कुसीन कल्चर में छापेमारी कर ताबड़तोड़ कार्रवाई को अंजाम दिया। इन तमाम होटलों और प्रतिष्ठानों पर हुई जांच से कुल 26 प्रकरण दर्ज किए गए।
भीम नगर और टीला जमालपुरा: दूसरी ओर, सहायक जिला आबकारी अधिकारी शेखर लिखार ने भीम नगर की झुग्गी बस्तियों में मोर्चा संभाला, वहीं सीमा कशीसिया की टीम ने टीला जमालपुरा में कार्रवाई करते हुए रमेश अडवाणी नामक व्यक्ति को ऑटो में अवैध रूप से देशी शराब का परिवहन करते हुए रंगे हाथों धर दबोचा।

आबकारी विभाग के इस बड़े और एक साथ कई मोर्चों पर चलाए गए अभियान से यह साफ हो गया है कि शहर में नियमों को ताक पर रखकर अवैध शराब परोसने वाले होटल संचालकों और तस्करों की अब खैर नहीं है। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button