भोपालमध्य प्रदेश

राजधानी में आज शरद पूर्णिमा पर महाअनुष्ठान: लाल परेड ग्राउंड पर एक करोड़ अर्चन, दोपहर 3 बजे से इन रूटों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

राजधानी में आज शरद पूर्णिमा पर महाअनुष्ठान: लाल परेड ग्राउंड पर एक करोड़ अर्चन, दोपहर 3 बजे से इन रूटों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

भोपाल, यशभारत। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज राजधानी के ऐतिहासिक लाल परेड ग्राउंड में एक अलौकिक आध्यात्मिक आयोजन होने जा रहा है। सद्गुरु देव रावतपुरा सरकार के सान्निध्य में यहां श्री राजराजेश्वरी कोटि हरिद्रा कुमकुम अर्चन एक करोड़ अर्चन का भव्य अनुष्ठान संपन्न होगा। इस महाअनुष्ठान को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिसमें भोपाल सहित प्रदेशभर से करीब 25 हजार श्रद्धालुओं के जुटने का अनुमान है।

मां राजराजेश्वरी को अर्पित की जाने वाली पूजन एवं हवन सामग्री को बेहद खास बनाया गया है। इसके लिए देश के अलग-अलग राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल से विशेष रूप से सामग्रियां मंगवाई गई हैं। इस पूरे अनुष्ठान में लगभग 238 तरह की सामग्रियों का उपयोग किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 6:00 बजे से शुरू होगा, जिसके लिए श्रद्धालुओं को शाम 5:50 बजे से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना होगा। साथ ही, श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे पूजा के लिए अपने साथ एक चावल का दाना भी न लाएं।

दोपहर 3 बजे से शहर में ट्रैफिक डायवर्जन, इन रूटों का करें उपयोग
लाल परेड ग्राउंड पर उमड़ने वाली भारी भीड़ और वीवीआईपी गतिविधियों को देखते हुए यातायात पुलिस ने दोपहर 3 बजे से राजधानी के प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी है:

एमपी नगर और हबीबगंज से जाने वाले:

वीआईपी रोड, पॉलिटेक्निक और एयरपोर्ट जाने वाले वाहन लिंक रोड नंबर-1, रोशनपुरा, बाणगंगा और पॉलिटेक्निक होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

हमीदिया रोड से आने वाले:

रोशनपुरा की ओर जाने वाले यात्री और व्यावसायिक वाहन संगम तिराहा, बजरिया, 80 फीट रोड, अशोका गार्डन, प्रभात चौराहा, सुभाष ओवरब्रिज, डीबी मॉल और बोर्ड ऑफिस के रास्ते निकलेंगे।

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जाने वाले यात्री:

प्लेटफॉर्म नंबर-6 और नादरा बस स्टैंड: पॉलिटेक्निक, रेतघाट, रॉयल मार्केट और हमीदिया रोड का रास्ता अपनाएं।

प्लेटफॉर्म नंबर-1: सुभाष ओवरब्रिज, प्रभात चौराहा और 80 फीट रोड से होकर जाएं।

एयरपोर्ट और वीआईपी रोड: लिंक रोड-1 बाणगंगा के रास्ते जाएं।

इन प्रमुख चौराहों पर रहेगा भारी दबाव:

संगम टॉकीज तिराहा, भारत टॉकीज चौराहा, लिली तिराहा, जिन्सी चौराहा, एमपी नगर चौराहा, रोशनपुरा और मछली घर क्षेत्र में यातायात का दबाव अधिक रहेगा। हालांकि, यात्रियों की सुविधा के लिए जरूरत के अनुसार लगातार डायवर्जन किया जाएगा। एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन गाड़ियों पर किसी तरह की रोक नहीं रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button