भोपाल: ISBT बस स्टैंड पर वर्मा ट्रेवल्स की बसों में भीषण आग, देखें वीडियो

भोपाल ISBT बस स्टैंड पर वर्मा ट्रेवल्स की बसों में भीषण आग, देखें वीडियो
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर, घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर काबू पाने के प्रयास जारी पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की दी हिदायत
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के आईएसबीटी स्थित बस स्टैंड पर वर्मा ट्रेवल्स की बसों में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद मौके पर नगर निगम की फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की लपटें इतनी तेज हैं कि दमकल कर्मियों को लगातार प्रयासों के बावजूद आग पर काबू पाने में मशक्कत करनी पड़ रही है।
घटना के समय आईएसबीटी बस स्टैंड पर सैकड़ों लोग मौजूद थे। बसों में आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की गाड़ियां लगातार पानी डालकर आग बुझाने में जुटी हुई हैं। इसके बावजूद आग की तीव्रता के कारण राहत कार्य में चुनौतियां सामने आ रही हैं।
पुलिस ने लोगों को मौके से दूर रहने की दी हिदायत
आग की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी मौके पर मौजूद है। पुलिसकर्मी घटनास्थल पर मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने और मौके से दूर रहने की हिदायत दे रहे हैं। अधिकारियों को आशंका है कि आग के बीच नजदीक जाने से कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ऐसे में लोगों को घटनास्थल के आसपास भीड़ नहीं लगाने के लिए कहा जा रहा है।
फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास कर रही हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है। घटना में किसी के हताहत या घायल होने की भी पुष्टि नहीं हुई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







