यशभारत ब्रेकिंग : हाईटेंशन लाइन ने छीनी मां-बेटे की जिंदगी, भतीजा गंभीर, देखे वीडियो…..

जबलपुर, यशभारत। गोरखपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर मांडवा बस्ती में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में मां और बेटे की जान चली गई, जबकि उनका 12 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से झुलस गया। घर की छत पर लोहे का पुराना सामान रखते समय वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल बालक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रामपुर मांडवा बस्ती निवासी देवेंद्र राजपूत की पत्नी सीता राजपूत (55) और उनका बेटा किशन राजपूत (23) रविवार शाम अपने घर की छत पर लोहे का पुराना सामान रख रहे थे। इसी दौरान लोहे का सामान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। देखते ही देखते करंट फैल गया और सीता राजपूत तथा किशन राजपूत उसकी चपेट में आ गए। दोनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसी दौरान उनका भतीजा बाबू उर्फ रियान राजपूत (12) भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल बालक को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलने पर गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मां-बेटे की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बस्ती में भी शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।







