मुख्य ख़बरें

मंडला से जबलपुर तक खौफ का सफर: वन अनुसंधान संस्थान के SDO को बंधक बनाकर लूटा

मंडला ।जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। राज्य वन अनुसंधान संस्थान (पॉलीपाथर, जबलपुर) में पदस्थ एसडीओ एमएल बरकड़े को चार अज्ञात आरोपियों ने बंधक बनाकर लूटपाट और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। आरोपी उन्हें उन्हीं की कार में अगवा कर जबलपुर तक ले गए और बीच रास्ते में लूटपाट कर मौके से फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीओ एमएल बरकड़े मंडला के बड़ी खैरी बायपास के निवासी हैं। 

 

गत 21 अक्टूबर की सुबह वे किसी काम से आमानाला के पास अपनी कार में बैठे थे। तभी एक अन्य कार से चार आरोपी वहां पहुंचे। उनमें से तीन आरोपी जबरन बरकड़े की कार में घुस गए और उन्हें बंधक बना लिया। 

 

आरोपियों ने उनका मुंह व हाथ-पैर बांध दिए और मारपीट करते हुए मंडला से शहपुरा होते हुए जबलपुर की ओर ले गए। इसी दौरान आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन और अंगूठी लूट ली। जबलपुर के करौंदा नाला के पास पहुंचने पर जब कार का पेट्रोल खत्म हो गया, तो आरोपियों ने एसडीओ बरकड़े को कार की सीट बेल्ट से कसकर बांध दिया और हाईवे के किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गए। 

 

किसी तरह वहां से मुक्त होकर एसडीओ ने मंडला पहुंचकर कोतवाली थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। मंडला एसपी राजेश रघुवंशी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

 

आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस मंडला से लेकर जबलपुर तक के रास्ते में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। एसपी ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button