बिस्किट खिलाकर छह साल की बच्ची को साथ ले जा रही थी महिला : मैच गया हड़कंप…. देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ललमटिया में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के बाहर खेल रही छह वर्षीय बच्ची को एक महिला अपने साथ ले जाती दिखाई दी।महिला ने पहले बच्ची को बिस्किट खिलाया और इसके बाद उसका हाथ पकड़कर आगे ले जाने लगी।
इसी दौरान परिजनों की नजर महिला और बच्ची पर पड़ गई।परिजनों ने तत्काल महिला को रोककर पकड़ लिया और घटना की सूचना छपारा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को थाने ले जाकर पूछताछ की।पुलिस की जांच में महिला की पहचान बरघाट थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमी निवासी के रूप में हुई।
थाना प्रभारी खेमेन्द्र के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की जानकारी सामने आई है।पुलिस को अब तक की जांच में ऐसा कोई तथ्य नहीं मिला है, जिससे यह पुष्टि हो कि महिला बच्ची को किसी आपराधिक उद्देश्य से ले जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। घटना के बाद गांव में बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने की चर्चा फैल गई,जिसके चलते कुछ समय के लिए ग्रामीणों में भय और भ्रम की स्थिति बन गई। हालांकि,पुलिस जांच में अभी तक बच्ची के अपहरण या किसी आपराधिक मंशा की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि घटना को लेकर किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर विश्वास न करें।सोशल मीडिया,व्हाट्सऐप ग्रुप अथवा अन्य माध्यमों पर बिना पुष्टि के किसी व्यक्ति के संबंध में जानकारी प्रसारित करने से बचें। ऐसी जानकारी से अनावश्यक भय और कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
पुलिस ने अभिभावकों से छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बच्चों को घर के बाहर अकेला न छोड़ने,अपरिचित लोगों से खाने-पीने की वस्तुएं नहीं लेने तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ नहीं जाने के लिए समझाने की सलाह दी गई है।संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया है। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक जांच और वैधानिक प्रक्रिया जारी है।







