दिये दिशा निर्देश

मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड कमेटी के अध्यक्ष डॉ सनवर पटेल ने शनिवार को पहुंचे उज्जैन शाही मस्जिद का निरीक्षण करने,उन्होंने मस्जिद परिसर के निर्माण कार्यों का जायजा लिया और संबंधित लोगों से मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।
डॉ पटेल ने मस्जिद के दूसरे हिस्से में निर्माणाधीन नई मीनार को आधुनिक और उच्च तकनीक के माध्यम से तैयार करने के निर्देश दिए। सड़क चौड़ीकरण में मस्जिद के कुछ हिस्से को मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा हटाने का कार्य लगातार जारी है। इसी दौरान मीनार हटाते समय तकनीकी त्रुटि के कारण मस्जिद के अन्य हिस्से को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई। पटेल ने कहा कि क्षतिग्रस्त हिस्से को अब पहले से बेहतर तकनीक और मजबूत निर्माण पद्धति के साथ तैयार किया जाएगा, ताकि भविष्य में मस्जिद की संरचना सुरक्षित और व्यवस्थित रहे। निरीक्षण के बाद सनवर पटेल ने शहर काजी से मुलाकात की, दोनों के बीच मस्जिद से जुड़े निर्माण कार्य, चौड़ीकरण और मौजूदा परिस्थितियों को लेकर बातचीत हुई। डॉ पटेल ने शाही मस्जिद के पूर्व सदर अरशद खान के इंतकाल पर उनके परिजनों से भी मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की।
मस्जिद को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से चल रही अफवाहों पर पटेल ने स्पष्ट किया कि मस्जिद पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि मौके पर मस्जिद स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है और इसे लेकर किसी तरह की भ्रम की स्थिति पैदा नहीं की जानी चाहिए।
राजनीतिक बयानबाजी को लेकर वफ्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ पटेल ने कहा कि कुछ लोगों ने मस्जिद की आड़ में राजनीति चमकाने का जरिया बना रखा है,उन्होंने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लेते हुए कहा कि कुछ लोगों ने लोगों को भड़काना ही अपना व्यवसाय बना लिया है। उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील की कि वे ऐसे लोगों की बातों में न आएं और किसी भी मामले में तथ्य एवं वास्तविक स्थिति को देखकर ही प्रतिक्रिया दें।
पत्थरबाजी की घटना का जिक्र करते हुए पटेल ने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को आरोपी नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों की पहचान तथ्यों और जांच के आधार पर होनी चाहिए, ताकि बेगुनाह लोगों के साथ अन्याय न हो।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि ,पदाधिकारी, समाज के लोग भी मौजूद रहे। अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों से मस्जिद के निर्माण एवं मरम्मत कार्य को तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरा करने पर जोर दिया गया।







