गोरखपुर थाना क्षेत्र में मकान में बाहरी लोगों के रहने की सूचना पर पुलिस की दबिश, शराब की खाली बोतलें और हुक्का बरामद

जबलपुर, यशभारत। गोरखपुर थाना क्षेत्र में गुलाटी पेट्रोल पंप के समीप स्थित एक कॉलोनी में बाहरी लोगों के रहने और रात के समय शराबखोरी किए जाने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस के पहुंचने पर सूचना सही पाई गई। हालांकि मकान में रहने वाले बाहरी लोग मौके पर नहीं मिले। तलाशी के दौरान पुलिस को घर से शराब की खाली बोतलें और हुक्का जैसी सामग्री बरामद हुई। मामले में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है।
गोरखपुर सीएसपी एमडी नागोतिया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कॉलोनी के एक मकान में बाहरी लोग आकर रह रहे हैं और रात के समय वहां शराबखोरी होती है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान मकान में बाहरी लोगों के रहने की पुष्टि हुई, लेकिन वे उस समय वहां मौजूद नहीं थे। मौके से शराब की खाली बोतलें एवं हुक्का जैसी सामग्री मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
सीएसपी नागोतिया ने आम नागरिकों से अपील की है कि मकान किराए पर देने से पहले किराएदारों की पूरी जानकारी प्राप्त करें और उनका सत्यापन संबंधित थाने में आवश्यक रूप से कराएं। उन्होंने कहा कि किराएदारों के सत्यापन से पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलती है और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सकता है।






