भोपाल यश भारत।

शहीद चंद्रशेखर आजाद की अनावरण पट्टिका गायब होने पर कांग्रेस ने उठाई आवाज
टीटी नगर थाना प्रभारी को ज्ञापन कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
भोपाल, यश भारत। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा की ऐतिहासिक अनावरण पट्टिका शिलालेख गायब होने के मामले में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को टीटी नगर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं के अनुसार गीतांजलि चौराहा स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा से संबंधित शिलालेख के गायब होने की जानकारी 1 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे मिली। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह शिलालेख महज पत्थर नहीं बल्कि भोपाल के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनके मुताबिक मध्यप्रदेश शासन एवं भोपाल विकास प्राधिकरण द्वारा तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में तत्कालीन वीडीए अध्यक्ष पी.सी. शर्मा द्वारा 15 सितंबर 1998 को यह पट्टिका स्थापित की गई थी। पट्टिका पर शहीद चंद्रशेखर आजाद के साथ तत्कालीन गणमान्य अतिथियों के नाम भी अंकित थे। ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के दौरान नगर निगम प्रशासन अतिक्रमण शाखा पी डब्ल्यू डी विभाग तथा संबंधित ठेकेदार की लापरवाही के चलते ऐतिहासिक पट्टिका गायब हुई। कांग्रेस की ओर से इस मामले में राजनीतिक दबाव की आशंका भी जताई गई है। हालांकि इस संबंध में किसी अधिकारी या अन्य पक्ष की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सात दिन में पट्टिका बरामद करने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने टीटी नगर पुलिस से अज्ञात जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध चोरी सहित लागू होने वाली संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की मांग की। साथ ही सात दिन के भीतर ऐतिहासिक शिलालेख को बरामद कर यथास्थान स्थापित करने की मांग रखी गई। ज्ञापन में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग भी की गई है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सात दिन के भीतर पट्टिका बरामद नहीं होती है तो शहीद चंद्रशेखर आजाद युवा मंच परिवार द्वारा अपने स्तर पर नई शिलालेख पट्टिका स्थापित की जाएगी तथा प्रशासन से इसकी जिम्मेदारी और खर्च वहन करने की मांग की जाएगी। कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस ने आंदोलन की चेतावनी भी दी।






