6 लाख मूल्य का 204 ग्राम मेफेड्रोन पावडर जब्त, ड्रग तस्कर गिरफ्तार

ठाणे : मुंब्रा में एमडी बेचने के इरादे से आ रहे एक ड्रग तस्कर को ठाणे क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने कलवा में दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसकी बाइक से 6 लाख 12 हजार मूल्य का 204 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) पावडर ड्रग बरामद किया गया है।
पुलिस निरीक्षक अमोल वालझाडे को 1 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मुंबई-नाशिक महामार्ग के रास्ते एमडी लेकर मुंब्रा की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मुंबई-नाशिक महामार्ग पर खारेगांव टोलनाके की दिशा में मुंब्रा की ओर जाने वाली एक बाइक को रोककर तलाशी ली तो उसमें 204 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने बाइक सवार आसिफ नवीन पोके उर्फ शोएब (37), निवासी कोनगांव, कल्याण को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अनिल शिंदे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक अमोल वालझाडे और उनकी टीम ने की। आरोपी के पास यह ड्रग्स कहां से आया था और मुंब्रा में इसे किसे सप्लाई किया जाना था, इस दिशा में क्राइम ब्रांच की जांच जारी है।







