सूने मकानों में चोरियां करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 7 लाख के जेवर बरामद

जबलपुर,यश भारत। अधारताल थाना क्षेत्र में सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी की चार वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब सात लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी उन मकानों को निशाना बनाते थे, जहां परिवार के सदस्य किसी काम से बाहर गए होते थे। लगातार हुई चोरियों की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
अस्पताल से बाजार तक, बंद घरों को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, पहली चोरी रविंद्र नगर में हुई थी। यहां रहने वाले अंकुर तिवारी अपने पिता के उपचार के लिए मां के साथ संजीवनी अस्पताल गए थे। परिवार के रातभर अस्पताल में रहने के दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली। दूसरी वारदात इंडस्ट्रियल एरिया अधारताल में हुई, जहां उमा यादव अपनी बेटी के साथ बाजार खरीदारी करने गई थीं। वापस लौटने पर उन्हें घर की अलमारी और लॉकर के ताले टूटे मिले। जांच करने पर सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले।
इलाज के लिए बाहर गए बुजुर्ग के घर में भी चोरी
तीसरी घटना महाकौशल नगर में सामने आई। यहां रहने वाले 70 वर्षीय शिवबहादुर सिंह अपनी पत्नी के साथ इलाज कराने बेंगलुरु गए थे। 9 अक्टूबर को घर लौटने पर उन्हें मुख्य ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। चोर अलमारी के लॉकर तोड़कर जेवरात और नकदी ले गए थे। चौथी वारदात पुष्पक नगर में हुई। सुरेंद्र कुमार यादव अपने परिवार के साथ दुर्गा प्रतिमा के दर्शन करने गए थे। रात करीब 12:40 बजे लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अंदर जांच करने पर चांदी की पायल, सोने की नथ, बेंदी और चांदी के सिक्के गायब मिले। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने सभी मामलों को जोड़कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर तलाश आगे बढ़ाई। पुलिस ने संदीप घसिया (25) और चिंटू उर्फ अनूप कुमार (30), दोनों निवासी घसिया कॉलोनी, ठक्कर ग्राम, अधारताल को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने चारों चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।
25 ग्राम सोना और डेढ़ किलो चांदी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 ग्राम सोने के आभूषण और 1500 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत सात लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधारताल पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चार चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।







