यशभारत ब्रेकिंग : बोलेरो से 33 पेटी अवैध शराब बरामद, कटनी के दो आरोपी गिरफ्तार
जब्त शराब और बोलेरो वाहन की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 20 हजार 500 रुपए

जबलपुर,यशभारत। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन से 33 पेटी देशी शराब के 1550 पाव बरामद किए। जब्त शराब की मात्रा 279 बल्क लीटर बताई गई है। मामले में कटनी निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
आबकारी विभाग के अनुसार सोमवार की सुबह करीब 9 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोलेरो क्रमांक MP 66 T 1858 से अवैध रूप से शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने कटंगा तिराहे के पास आइडियल टावर के सामने वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 33 पेटी देशी मदिरा बरामद हुई।
मौके से सोनू चौधरी और साहिल केवट, दोनों निवासी कटनी को गिरफ्तार किया गया। उनके विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
विभाग के मुताबिक जब्त शराब और बोलेरो वाहन की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 20 हजार 500 रुपए है। कार्रवाई कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशन, सहायक आबकारी आयुक्त संजीव कुमार दुबे के मार्गदर्शन और नियंत्रण कक्ष प्रभारी परमानंद कोरचे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक श्वेता सिंह तिवारी, अंकित कुमार जैन, आबकारी आरक्षक मुकेश पटेल, चंचल उद्दे, माहेश्वरी नाग एवं गायत्री वट्टे शामिल रहे। पूर्व मुख्य आरक्षक रमेश कुशराम की विशेष भूमिका रही।






