भोपाल

कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने रचनात्मकता के साथ जुट जाएं कार्यकर्ता .. विष्णुदत्त शर्मा

कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने रचनात्मकता के साथ जुट जाएं कार्यकर्ता .. विष्णुदत्त शर्मा
भोपाल यशभारत । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में 31 मई को देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर जम्बूरी मैदान में होने वाले महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह एवं संगठन महामंत्री हितानंद ने प्रदेश कार्यालय में भोपाल जिले की बैठक को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री अहिल्याबाई की जयंती पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी रचनात्मकता के साथ जुट जाएं। प्रदेश प्रभारी डा महेंद्रसिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम की व्यवस्था में महिलाओं को जिम्मेदारी देकर हमें यह संदेश देना है कि 300 साल पहले देवी अहिल्याबाई ने अगर राज्य की व्यवस्था संभाली थी, तो आज इक्कीसवीं सदी की बहनें भी इस आयोजन की जिम्मेदारी को संभाल सकती हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि देश देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती मना रहा है। देवी होल्कर ने जब व्यवस्थाओं की भारी कमी थी, ऐसे समय में स्वावलंबन, सुशासन और महिला सशक्तिकरण को लेकर मिसाल पेश की थी।
अपनी भूमिका तय करें, उत्साह से तैयारी में जुटें
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री 31 मई को जम्बूरी मैदान में होने वाले महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल हो रहे हैं। जी-20 की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि यह ’वूमन लेड डेवलपमेंट’ का समय है। हम सभी ने देखा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान किस तरह से दो महिला सैन्य अधिकारियों कर्नल सोफिया और विंग कमांडर व्योमिका सिंह को आगे लाकर जिम्मेदारी दी गई। 103 रेलवे पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री की यही भावना दिखाई दी। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई की जयंती का कार्यक्रम बहनों का कार्यक्रम है और हमें इस कार्यक्रम की तैयारियों में पूरे उत्साह के साथ जुटना है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि कार्यक्रम में प्रत्येक बूथ की बहनों की भागीदारी हो, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी भूमिका तय करें और क्रमबद्ध तरीके से योजना बनाकर काम करे।
बैठक में प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, पार्टी के प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, महापौर मालती राय, पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, जिला प्रभारी महेंद्र यादव एवं जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति मंचासीन रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon Join Yashbharat App