महंत स्वामी महाराज के सान्निध्य में भाव-विभोर हुए विवेक तन्खा, जबलपुर की यादों ने छुआ दिल
अक्षरधाम दिल्ली में दिव्य क्षण -भगवान के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति

नई दिल्ली, यशभारत। राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा ने दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर में भगवान के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति साझा की। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में एक अत्यंत भावपूर्ण और दिव्य क्षण देखने को मिला, जब परमपूज्य महंत स्वामी महाराज के पावन सान्निध्य में भव्य सार्वजनिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस दिव्य आयोजन में हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिनके हृदय भक्ति और आनंद से सराबोर हो उठे।

समारोह में स्वामी ईश्वरचरण दास, स्वामी भ्रमविहारी, स्वामी धर्मवत्सल और स्वामी मुनिदर्शन दास की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया। पूरे परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस दौरान विवेक तन्खा भावुक हो उठे और अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए बताया कि वे और महंत स्वामी महाराज क्राइस्ट चर्च बॉयज़ हाई स्कूल में एक ही कक्षा के विद्यार्थी रहे हैं। उन्होंने अपने शिक्षकों को स्मरण करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है।

तन्खा ने गर्व के साथ कहा कि जबलपुर वास्तव में धन्य है, क्योंकि महंत स्वामी महाराज का जन्मस्थान उनके घर के अत्यंत निकट स्थित है। इस अवसर पर यशभारत के संस्थापक आशीष शुक्ला, संपादक अम्बरीश तिवारी, राजुल करसोलिया, आलोक मुखर्जी तथा मंदिर ट्रस्टी योगेश वाधवा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








