देशमध्य प्रदेश

बंडा में जहरीली शराब से मौतों पर राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने उठाए सवाल

प्रशासन ने की अपील

सागर,यशभारत। सागर जिले के बंडा अनुविभाग के घूघरा, जालमपुर, बराज सहित आसपास के गांवों में संदिग्ध जहरीली शराब के सेवन से दर्जनों ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने और मौतों की घटना पर राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने सवाल उठाए हैं। तन्खा ने कहा कि जहरीली शराब गांवों तक पहुंची कैसे और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। उन्होंने इस गोरखधंधे को संरक्षण देने वालों की भूमिका की भी जांच की मांग की।

तन्खा के अनुसार, घटना में अब तक 12 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 25 से अधिक लोगों को गंभीर हालत में सागर रेफर किया गया है। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए अवैध शराब के नेटवर्क की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

इधर घटना के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अस्पताल में भर्ती मरीजों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। प्रशासन ने मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।

सात शराब दुकानें सील

एहतियातन बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर और बरायठा क्षेत्र की शराब दुकानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। इन दुकानों से शराब के सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच के साथ संदिग्ध शराब के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रशासन ने की अपील

प्रशासन ने शराब का सेवन करने वाले लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें उल्टी, सिरदर्द, बुखार, घबराहट या धुंधलापन जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं तो बिना देरी किए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी तरह के लक्षण को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button