छात्रावास के पास दिनदहाड़े चाकूबाजी से मचा हड़कंप!: हॉस्टल जा रहे 10वीं के छात्र को रास्ते में घेरकर पेट में घोंपा चाकू, 3 छात्र फरार

यशभारत डिंडोरी । समनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विगत दिन शुक्रवार दोपहर सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास के पास कक्षा दसवीं के छात्र पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है।

घटना में छात्र सतीश मरावी के पेट में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद बाइक सवार तीन छात्र मौके से फरार हो गए। घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समनापुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल डिंडोरी रेफर किया गया। फिलहाल छात्र का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे लंच टाइम में सतीश स्कूल से छात्रावास की ओर जा रहा था। इसी दौरान बीईओ कार्यालय के पीछे मोटरसाइकिल सवार तीन छात्रों ने उसे रास्ते में रोक लिया। किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार छात्रों में से एक ने चाकू निकालकर सतीश के पेट पर वार कर दिया।
चाकू लगने से छात्र घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद तीनों युवक बाइक से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों और विद्यार्थियों ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया।
कक्षा 11वीं के छात्र पर हमला करने का आरोप
प्रारंभिक जानकारी में हमला करने वाले छात्रों में से एक के कक्षा 11वीं में पढ़ने की बात सामने आ रही है। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और घटना में कौन-कौन शामिल था, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार बताए जा रहे छात्रों की तलाश की जा रही है।
छात्रावास और स्कूल की सुरक्षा पर उठे सवाल
दिनदहाड़े छात्रावास के नजदीक चाकू से हमला होने की घटना ने विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में चिंता का माहौल है। अभिभावकों ने स्कूल और छात्रावास के आसपास सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।
घटना के समय छात्रावास अधीक्षक बम्हनी में मुख्यमंत्री योजना से संबंधित रथयात्रा कार्यक्रम में मौजूद बताए गए। घटना की सूचना मिलते ही वे समनापुर पहुंचे और घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था में जुटे।
फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच कर रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि विवाद किस बात को लेकर हुआ और चाकू से हमला करने वाले छात्र कौन थे। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद छात्रावास और स्कूल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग जोर पकड़ रही है।






