फेडरल बैंक में आधी रात सायरन से मची अफरा-तफरी, अगरबत्ती का धुआं निकला कारण, खितौला डकैती के बाद अलर्ट मोड पर पुलिस

जबलपुर यश भारत। शहर के बस स्टैंड चौकी क्षेत्र स्थित फेडरल बैंक में शुक्रवार की आधी रात अचानक सायरन बज उठने से अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 11 बजे बैंक की इमारत से धुआं निकलते देख लोगों ने चोरी या आगजनी की आशंका जताई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जगन्नाथ यादव और उनकी टीम मौके पर पहुंची और बैंक प्रबंधक को बुलाया गया।
डॉक्टर की सजगता से मिला सुराग
घटना के समय पास ही रहने वाले डॉ. अपने बेटे के साथ टहल रहे थे। उन्होंने जैसे ही बैंक से धुआं उठते देखा, तुरंत पुलिस को जानकारी दी। उनकी सतर्कता से पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया।
ताला खुला तो सामने आई सच्चाई
बैंक प्रबंधक उत्तम सिंह की मौजूदगी में जब बैंक का ताला खोला गया तो भीतर हल्का धुआं फैला हुआ था। जांच करने पर स्पष्ट हुआ कि गणेश पूजन में जलाई गई अगरबत्ती का धुआं ही अलार्म सिस्टम को सक्रिय कर गया था।
खितौला डकैती के बाद पुलिस ज्यादा चौकन्नी
हाल ही में खितौला बैंक डकैती की वारदात ने जिले की पुलिस को सतर्क कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने सभी बैंकों की सुरक्षा पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के निर्देश जारी किए थे। यही कारण रहा कि आधी रात को भी सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और हालात पर नियंत्रण पाया।







