खाकी का “पहरेदार निकला चोरों का सरदार” : दिन में कानून का पाठ, रात में चाकू की नोक पर लूट और अपहरण; सिपाही समेत तीन सलाखों के पीछे

सतना। जिले में चाकू की नोक पर युवक का अपहरण कर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस जांच के दौरान एक और सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इस वारदात में गिरफ्तार निलंबित आरक्षक विवेक सिंह समेत तीन आरोपियों का कनेक्शन दो दिन पहले फोटोग्राफरों के साथ हुई लूट से भी जुड़ता नजर आ रहा है। पुलिस को आरक्षक के मोबाइल फोन में लूटे गए कैमरे की तस्वीर मिली है। इसके बाद दोनों घटनाओं में एक ही गिरोह की भूमिका को लेकर जांच तेज कर दी गई है। तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि गिरोह का चौथा सदस्य बंटी उर्फ शिवेंद्र सिंह अब भी फरार है।
पुलिस जांच के मुताबिक, 23 नवंबर की रात भटनवारा के पास फोटोग्राफर सतीश सिंगरौल और शिवम सोनी को बदमाशों ने निशाना बनाया था। दोनों एक पारिवारिक हल्दी-मेहंदी कार्यक्रम की शूटिंग कर बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान नायरा पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर कैमरा, लेंस, मोबाइल चार्जर समेत अन्य सामान लूट लिया।
वारदात के दौरान बदमाशों ने स्टूडियो संचालक रोहित सेन को फोन कर स्कैनर के जरिए 50 हजार रुपये भेजने का दबाव भी बनाया। रोहित ने किसी तरह 30 रुपये ट्रांसफर किए, लेकिन इसके बाद भी बदमाशों ने दोनों फोटोग्राफरों के साथ मारपीट की। आरोपियों ने उनकी बाइक से पेट्रोल निकाला और मौके से फरार हो गए।
मोबाइल में मिली तस्वीर ने खोली दूसरी वारदात की कड़ी
फोटोग्राफरों ने पुलिस को बताया था कि तीन बदमाशों में से दो ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था, जबकि तीसरे ने हेलमेट पहना था। एक आरोपी के हाथ में छह उंगलियां होने की बात भी सामने आई थी। इधर, अपहरण के मामले में पकड़े गए निलंबित आरक्षक विवेक सिंह का मोबाइल खंगालने पर पुलिस को लूटे गए कैमरे की तस्वीर मिली। इस अहम सुराग और आरोपियों के हुलिए के आधार पर पुलिस को दोनों वारदातों के बीच संबंध होने का संदेह मजबूत हुआ।
ड्यूटी से गायब रहकर वारदात में शामिल होने का आरोप
दरअसल, 25 नवंबर की रात टिकरिया निवासी ऋषभ सिंह को चार बदमाशों ने दो बाइकों से घेरकर चाकू की नोक पर अगवा कर लिया था। आरोपी उसे सतरी गांव के पास एक बगीचे में ले गए और बंधक बनाकर छोड़ने के बदले 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी। परिजन तलाश करते हुए मौके पर पहुंचे तो बदमाश भागने लगे। इस दौरान विवेक सिंह पकड़ा गया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए थे।
विवेक सिंह पुलिस लाइन के स्पेशल-30 दस्ते में पदस्थ था। घटना वाली रात उसकी ड्यूटी पेट्रोलिंग में लगाई गई थी, लेकिन वह ड्यूटी से गायब था। गिरफ्तारी के बाद एसपी हंसराज सिंह ने उसे निलंबित कर दिया था। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि वह छह महीने की बीमारी का हवाला देकर रैगांव से पुलिस लाइन आया था।
दो और गिरफ्तार, चौथे की तलाश जारी
पूछताछ में विवेक सिंह ने नारायण सिंह बघेल (24) और उत्कर्ष सिंह बघेल (25) के अलावा बंटी उर्फ शिवेंद्र सिंह के नाम बताए। पुलिस ने दबिश देकर नारायण और उत्कर्ष को गिरफ्तार कर लिया। इस तरह अपहरण के मामले में निलंबित आरक्षक समेत तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए। तीनों को शुक्रवार शाम न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
उधर, फोटोग्राफरों से लूट के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस भी आगे की कार्रवाई में जुट गई है। टीआई हेमंत शर्मा न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपियों से पूछताछ की तैयारी कर रहे हैं। रामपुर बाघेलान और सिटी कोतवाली पुलिस फरार आरोपी बंटी की गिरफ्तारी के लिए संयुक्त रणनीति बना रही हैं।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह गिरोह जिले में हुई अन्य लूट और आपराधिक वारदातों में भी शामिल रहा है? मोबाइल से मिले सुराग के बाद जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है।







