भोपाल स्टेशन पर बड़ा बदलाव: प्लेटफॉर्म-6 से वाहन एंट्री बंद, प्लेटफॉर्म-1 पर बढ़ेगा ट्रैफिक दबाव

भोपाल स्टेशन पर बड़ा बदलाव: प्लेटफॉर्म-6 से वाहन एंट्री बंद, प्लेटफॉर्म-1 पर बढ़ेगा ट्रैफिक दबाव
भोपाल, यशभारत। आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियों को लेकर रेलवे प्रशासन ने यातायात और भीड़ प्रबंधन के तहत बड़ा कदम उठाया है। भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 की पार्किंग को 28 नवंबर से 7 दिसंबर तक पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया है। इस बदलाव के चलते स्टेशन के एक हिस्से की आवाजाही थम जाएगी और यात्रियों को ट्रेन पकड़ने या परिजनों को छोड़ने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर-1 का रुख करना होगा।
पार्किंग परिसर में बैरिकेडिंग, बनेगा होल्डिंग एरिया
इज्तिमा के दौरान देश-विदेश व प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जमाती भोपाल पहुंचते हैं। यात्रियों और बाहर से आने वाले लोगों की भीड़ को सुव्यवस्थित रखने के लिए रेलवे ने प्लेटफॉर्म-6 के पार्किंग परिसर में बैरिकेडिंग कर दी है। यहां अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाया जा रहा है, जहां जमातियों के ठहरने और प्राथमिक इंतजामों की व्यवस्था की जा रही है। इसी कारण प्लेटफॉर्म-6 पर वाहनों की एंट्री, पार्किंग और ‘ड्रॉप एंड गो’ सुविधा बंद कर दी गई है।
1.6 किमी का अतिरिक्त चक्कर, अल्पना तिराहे पर ड्रॉपिंग
प्लेटफॉर्म-6 की ओर वाहन प्रवेश बंद होने से यात्रियों को भारत टॉकीज ब्रिज से होकर प्लेटफॉर्म-1 तक जाना होगा, जिससे उन्हें करीब 1.6 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा। वहीं, ऑटो, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों से आने वाले यात्रियों को अल्पना तिराहे पर उतारने की सुविधा दी गई है, ताकि स्टेशन के मुख्य प्रवेश मार्गों पर वाहनों का दबाव नियंत्रित रह सके।
प्लेटफॉर्म-6 की पार्किंग बंद होने का सीधा असर प्लेटफॉर्म-1 की पार्किंग और वहां पहुंचने वाले रास्तों पर पड़ेगा। संभावित भीड़ और जाम की स्थिति को देखते हुए रेलवे प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियंत्रण व पार्किंग व्यवस्था के इंतजाम तेज कर दिए हैं।







