भोपालमध्यप्रदेश

सेना दिवस पर भोपाल में 4000 से अधिक जवान दिखाएंगे दम, एयर शो-टैंक और ड्रोन होंगे मुख्य आकर्षण

सेना दिवस पर भोपाल में  4000 से अधिक जवान दिखाएंगे दम, एयर शो-टैंक और ड्रोन होंगे मुख्य आकर्षण

भोपाल, यशभारत। आगामी 15 जनवरी को सेना दिवस के अवसर पर राजधानी भोपाल में तीनों सेनाओं के पराक्रम और आधुनिक सैन्य तकनीक का भव्य संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में थल सेना, वायु सेना और नौसेना के 4,000 से अधिक जवान और अधिकारी शामिल होंगे। मुख्य आयोजन बीएचईएल क्षेत्र में होगा, जबकि शहर के अन्य प्रमुख स्थलों पर आम नागरिकों के लिए विशेष प्रदर्शन तय किए गए हैं। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अगले महीने से ही सैन्य टुकड़ियों और वरिष्ठ अधिकारियों का भोपाल पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

थल, नभ और जल में दिखेगा सैन्य कौशल
आयोजन के तहत अलग-अलग स्थानों पर रक्षा क्षमता का प्रदर्शन किया जाएगा। थल सेना की ओर से जंबूरी मैदान में टैंकों और अन्य आधुनिक सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, वहीं टीटी नगर के दशहरा मैदान में ड्रोन का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा वायु सेना का एयर शो आसमान में रोमांच भरेगा और नौसेना के जवान हेलीकॉप्टर से पानी में उतरने के अपने विशेष कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इन आयोजनों से शहरवासियों को सेना के साजो-सामान और तकनीक को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

गृह विभाग की निगरानी में कसी गई तैयारियां
बड़े स्तर पर होने वाले इस आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। राज्य सरकार ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी का जिम्मा गृह विभाग को सौंपा है। गृह विभाग और जिला प्रशासन के आपसी समन्वय से सुरक्षा, आवागमन और कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button