कॉकरोच जनता पार्टी पर युवाओं की मिली-जुली राय, नई राजनीति की उम्मीद के साथ कई सवाल भी आमजन, सोशल मीडिया पर व्यू फॉलोअर्स पाना अलग विषय, जमीनी समर्थन अलग विषय

कॉकरोच जनता पार्टी पर युवाओं की मिली-जुली राय, नई राजनीति की उम्मीद के साथ कई सवाल भी
आमजन, सोशल मीडिया पर व्यू फॉलोअर्स पाना अलग विषय, जमीनी समर्थन अलग विषय
भोपाल यश भारत। हाल ही में चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर राजधानी भोपाल के युवाओं में उत्सुकता और बहस का माहौल देखने को मिल रहा है। यश भारत न्यूज़ के संवाददाता संकेत नाईक द्वारा ग्राउंड जीरो पर युवाओं से की गई बातचीत में नई पार्टी को लेकर समर्थन और संदेह दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई युवाओं ने नई राजनीतिक पार्टी की अवधारणा का स्वागत करते हुए कहा कि देश की राजनीति में पढ़े लिखे जागरूक और नए विचारों वाले लोगों की भागीदारी बढ़नी चाहिए। उनका मानना है कि यदि कोई राजनीतिक दल शिक्षा रोजगार पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे मुद्दों को केंद्र में रखकर काम करता है तो उसे युवाओं का समर्थन मिल सकता है। कुछ युवाओं ने कहा कि लोकतंत्र में नए राजनीतिक विकल्पों का उभरना सकारात्मक संकेत है। उनके अनुसार नई सोच और नए चेहरे राजनीति में प्रतिस्पर्धा बढ़ाते हैं जिससे जनता के मुद्दों को बेहतर तरीके से उठाने का अवसर मिलता है। युवाओं का मानना है कि परंपरागत राजनीति से अलग दृष्टिकोण रखने वाली पार्टियां लोकतंत्र को और मजबूत बना सकती हैं। हालांकि कई युवाओं ने पार्टी के भविष्य को लेकर सवाल भी उठाए। उनका कहना है कि किसी भी राजनीतिक संगठन की सफलता केवल सोशल मीडिया पर लोकप्रियता से तय नहीं होती। यदि पार्टी को वास्तविक राजनीतिक ताकत बनना है तो उसे जमीनी स्तर पर संगठन खड़ा करना होगा जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा और ठोस नीतियां प्रस्तुत करनी होंगी। कुछ युवाओं ने आशंका जताई कि नई पार्टी कहीं केवल सोशल मीडिया तक सीमित होकर न रह जाए। उनका कहना है कि आज के दौर में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चर्चा बटोरना आसान है लेकिन उसे वोट और जनसमर्थन में बदलना बड़ी चुनौती है। बातचीत के दौरान युवाओं ने यह भी कहा कि किसी पार्टी की पहचान उसके नाम से नहीं बल्कि उसके काम विचारधारा और नीतियों से बनती है। इसलिए कॉकरोच जनता पार्टी को भी जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता साबित करनी होगी। फिलहाल राजधानी में यह नई राजनीतिक पहल चर्चा का विषय बनी हुई है और इसकी वास्तविक स्वीकार्यता पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। युवाओं का कहना है कि राजनीति में नए चेहरों और नए विकल्पों की जरूरत तो है लेकिन किसी भी नई पार्टी की सफलता का आकलन समय और उसके कामकाज के आधार पर ही किया जा सकता है। ऐसे में कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर उत्सुकता के साथ साथ कई सवाल भी बने हुए हैं।







