मौत के फंदे से खींच लाई डायल-112 : खाकी और परिजनों की मुस्तैदी से बची युवक की जान

सागर, यशभारत – थाना रहली क्षेत्र के खुशीपुरा तिराहा के पास 22 वर्षीय एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फाँसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद सागर पुलिस कंट्रोल रूम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डायल-112 की एफआरव्ही (FRV) टीम को मौके पर रवाना किया।
सूचना मिलते ही डायल-112 में तैनात प्रधान आरक्षक कपिल सिंह राजपूत और पायलट रामचंद्र कुर्मी बिना किसी विलंब के घटनास्थल पर पहुँचे। मौके पर परिजनों की तत्परता से युवक को फंदे से नीचे उतार लिया गया था, लेकिन फंदा लगाने के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।
डायल-112 के जवानों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घायल युवक को तुरंत अपनी एफआरव्ही गाड़ी से परिजनों के साथ शासकीय चिकित्सालय रहली पहुँचाया, जहाँ उसका उपचार जारी है। पुलिस और परिजनों की सूझबूझ व त्वरित कार्रवाई से समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से युवक की जान बच सकी।
पुलिस की अपील
सागर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के संकट में होने या आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस हर संभव सहायता के लिए 24 घंटे तत्पर है।







