रेत के अवैध परिवहन मामले में हाईकोर्ट सख्त, मेंशनिंग के दुरुपयोग की जांच के आदेश
2 सितंबर को अगली सुनवाई

रेत के अवैध परिवहन मामले में हाईकोर्ट सख्त, मेंशनिंग के दुरुपयोग की जांच के आदेश
जबलपुर। यशभारत। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने सिंगरौली में रेत के कथित अवैध परिवहन और फर्जी ई-ट्रांजिट पास से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान शीघ्र सुनवाई के लिए इस्तेमाल होने वाली ‘मेंशनिंग’ सुविधा के कथित दुरुपयोग पर कड़ी नाराजगी जताई है। जस्टिस आनंद पाठक और जस्टिस बीपी शर्मा की डिवीजन बेंच ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रिंसिपल रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) को आरोपों की तथ्यात्मक जांच कर सात दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मामला सीधी जिले के ग्राम दौरा निवासी मनीष सिंह द्वारा वर्ष 2025 में दायर जनहित याचिका से जुड़ा है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि मुंबई की सहकार ग्लोबल कंपनी द्वारा उनके वाहन के नाम पर फर्जी ई-ट्रांजिट पास जारी किए गए। याचिकाकर्ता ने कंपनी के खिलाफ जांच कराने और उसे दिया गया अनुबंध समाप्त करने की मांग की है।
सुनवाई टालने का लगाया आरोप
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आरएन सिंह ने आरोप लगाया कि कंपनी की ओर से बार-बार मेंशनिंग कराकर मामले की सुनवाई टालने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना था कि सुनवाई में देरी के दौरान सिंगरौली क्षेत्र में पड़ी रेत को हटाया जा सकता है, जिससे याचिका का उद्देश्य ही समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कथित प्रक्रिया को न्याय प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया।
हाईकोर्ट ने मांगी तथ्यात्मक रिपोर्ट
डिवीजन बेंच ने कहा कि मेंशनिंग की सुविधा का उद्देश्य ऐसे मामलों में शीघ्र सुनवाई उपलब्ध कराना है, जहां देरी से अपरिहार्य नुकसान हो सकता है। यदि इस सुविधा का इस्तेमाल सुनवाई में बाधा डालने या किसी पक्ष को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए किया जाता है तो यह गंभीर विषय है। अदालत ने प्रिंसिपल रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) को पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की तथ्यात्मक जांच कर सात दिन में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
2 सितंबर को अगली सुनवाई
हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 2 सितंबर 2026 को निर्धारित की है। तब तक सिंगरौली में मौजूदा स्थिति बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों को स्टेटस क्वो बरकरार रखने का निर्देश दिया गया है। यानी अगली सुनवाई तक संबंधित स्थिति में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आरएन सिंह के साथ अधिवक्ता आदित्य वीर सिंह, राज्य शासन की ओर से उप महाधिवक्ता अभिजीत अवस्थी तथा सहकार ग्लोबल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता नमन नागरथ और अधिवक्ता सुयश व्यास ने पक्ष रखा। माइनिंग कॉरपोरेशन की ओर से अधिवक्ता अर्पित अग्रवाल और अक्षरा लखेरा उपस्थित रहे।






