74 की उम्र में जगे ‘दूल्हा’ बनने के अरमान, मैट्रिमोनियल ऐप पर युवती ने मीठी बातों में फंसाकर ठग लिए 12.11 लाख!

रीवा। रीवा से मैट्रिमोनियल ऐप से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. इस मामले का पहला हैरान करने वाला पहलू ये है कि यहां एक 74 वर्षीय बुजुर्ग को अचानक शादी करने का मन हुआ और उन्होंने मैट्रिमोनियल ऐप का सहारा लिया. इसके बाद जो हुआ वो और भी चौंकाने वाला था.अकेले जीवन व्यतीत कर रहे बुजुर्ग के मन में एक बार फिर वैवाहिक बंधन मे बंधने के अरमान जागे थे. इसके लिए उन्होंने मैट्रिमोनियल ऐप में अपनी एक प्रोफाइल बनाई. ऐप पर एक युवती ने उनकी प्रोफाइल देखी और फोन के माध्यम से बातचीत शुरू हो गईl
युवती ने 74 साल के बुजुर्ग से शादी करने का वादा किया और अपने जाल मे फंसाना शुरू कर दिया. इसके बाद सिर मे गंभीर चोट लगने का बहाना बताकर अन्य व्यक्ति के जरिए युवती ने बुजुर्ग से पैसे ऐंठने शुरू कर दिए. इस तरह से युवती ने 9 महीने में बुजुर्ग का बैंक अकाउंट खाली कर दिया और 12 लाख 11 हजार रु की ठगी कर दी.रीवा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के रहने वाले 74 वर्षीय बुजुर्ग आर्मी से रिटायर्ड हैं. कुछ वर्ष पूर्व उनकी पत्नी का स्वर्गवास हो गया था. पत्नी के गुजर जाने और उम्र के आखिरी पड़ाव में आने के बाद उन्हें अकेलेपन का एहसास हुआ, जिसके चलते उनके मन में दोबारा शादी करने की इच्छा जागी. इसके बाद उन्होंने बीते वर्ष नवंबर 2025 में मैट्रिमोनियल ऐप में अपनी एक प्रोफाइल बनाई. कुछ दिन बीतने के बाद ही बुजुर्ग के मोबाइल मे एक रिंग बजी. दूसरी ओर युवती ने बात करते हुए खुद को उज्जैन निवासी सरस्वती उपाध्याय बताया और यहां से शुरू हुआ ठगी का खेलl
आरोप है कि युवती ने बुजुर्ग से शादी करने की बात कही थी. यहीं से दोनों के बीच फोन पर बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया. युवती ने अपनी मीठी-मीठी बातें और हसीन सपनों में बुजुर्ग को फंसा लिया और उसकी चाल कामयाब हो गई थी. कुछ दिन बीतने के बाद एक अन्य व्यक्ति ने दूसरे नंबर से पीड़ित बुजुर्ग के मोबाइल पर फोन करते हुए जानकारी दी कि सरस्वती गिर गई है, जिसकी वजह से उसके सिर पर गंभीर चोंट आई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया हैं. दो-तीन दिनों के बाद एक बार किसी अन्य नंबर से फोन आया और सरस्वती के इलाज के लिए पैसों की डिमांड की गई. पीड़ित बुजुर्ग ने बिना विचार किए अपने कियोस्क बैंक के खाते व पेटीएम के माध्यम से कई बार पैसे ट्रांसफर किए और इस तरह ठगी का शिकार होते रहे.
इस तरह से पीड़ित बुजुर्ग ने युवती के इलाज के नाम पर ठग को 12 लाख 11 हजार रु ट्रांसफर कर दिए. अचानक बुजुर्ग के पास सभी नंबरों से फोन आने बंद हो गए. कुछ दिनों बाद पीड़ित बुजुर्ग ने उज्जैन निवासी सरस्वती उपाध्याय सहित अन्य लोगों के मोबाइल नंबरों में फोन किया तो सभी नंबर बंद मिले, तब उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्हें एहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो गए हैं.
उन्होंने तत्काल साइबर के हेल्पलाइन नंबर 1930 मे शिकायत दर्ज कराई. शिकायत जीरो में दर्ज हुई, जिसके बाद मामला विश्वविद्यालय थाना ट्रांसफर हुआ.इस संबंध मे विश्ववविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्र नाथ शर्मा ने बताया, ” 74 वर्षीय बुजुर्ग के द्वारा शिकायत की गई थी. शून्य मे शिकायत थाने पहुंची है. साइबर सेल की मदद से उन खातों की जानकारी जुटाई जा रही है, जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई थी. घटना के संबंध मे जांच की जा रही है जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. ‘







