विजय टॉकीज कॉम्प्लेक्स के पीछे अगरबत्ती फैक्ट्री में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी … देखें पूरा वीडियो

सागर, यशभारत ।शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत विजय टॉकीज कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक अगरबत्ती फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री से उठती आग की विकराल लपटें और धुएं का गुबार देख आसपास के क्षेत्र में हड़कंप व अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल वाहन और कोतवाली थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त अगरबत्ती फैक्ट्री रामानुज गुप्ता के भतीजे कपिल गुप्ता की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घनी बस्ती व व्यावसायिक क्षेत्र के नजदीक आग लगने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने पानी की बौछारों से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। वहीं, कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और हालात का जायजा लिया। खबर लिखे जाने तक आग लगने के वास्तविक कारणों और इससे हुए आर्थिक नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। अधिकारियों के अनुसार आग पूरी तरह बुझने के बाद ही कारणों और नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना ने एक बार फिर शहर के रिहायशी व व्यावसायिक इलाकों में संचालित फैक्ट्रियों के अग्नि सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।







