बीएमसी में सफल कॉर्निया प्रत्यारोपण: तीन दानदाताओं के नेत्रदान से चार बुजुर्गों की आंखों में लौटी रोशनी

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय (बीएमसी), सागर के नेत्र रोग विभाग और आई बैंक ने कॉर्निया प्रत्यारोपण के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। विगत 15 दिनों के भीतर मरणोपरांत प्राप्त तीन नेत्रदानों की सहायता से नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण खरे एवं उनकी विशेषज्ञ टीम ने जटिल सर्जरी कर चार बुजुर्ग मरीजों की आंखों की खोई हुई रोशनी सफलतापूर्वक वापस लौटाई है। रोशनी पाने वाले सभी लाभार्थी सागर शहर एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों के किसान व मजदूर वर्ग से संबंधित हैं, जिनमें 73 वर्षीय इमरान खान, 70 वर्षीया सीता बाई, 70 वर्षीय अशोक एवं 71 वर्षीय शिवदयाल शामिल हैं।
नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण खरे ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि तीन दानदाताओं से प्राप्त 6 कॉर्निया में से जांचोपरांत 4 स्वस्थ कॉर्निया को मरीजों में प्रत्यारोपित किया गया, जबकि शेष 2 कॉर्निया का उपयोग विभाग के डॉक्टरों द्वारा शोध व चिकित्सीय अध्ययन हेतु किया जाएगा। अस्पताल में कॉर्निया प्रत्यारोपण की यह अत्याधुनिक सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। इस उल्लेखनीय सफलता में आई बैंक प्रभारी डॉ. रोशी जैन, डॉ. अंजलि वीरानी, डॉ. नीलम, डॉ. मानसी, डॉ. शिवानी, डॉ. अजय व डॉ. श्रेया सहित नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।







