ट्रांसपोर्ट नगर में चोरी का खेल जारी, व्यापारियों ने चोर को दबोचा

जबलपुर,यशभारत। गोहलपुर थाना अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर चंडाल भाटा में ट्रकों से वायर और बैटरी चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। रविवार सुबह एक युवक को ट्रक के नीचे घुसकर वायर काटते हुए ट्रांसपोर्ट व्यापारियों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। इस दौरान उसका एक साथी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। पकड़े गए युवक के पास से एक बोरी में वाहन की कटी हुई वायर भी बरामद हुई। व्यापारियों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रक के नीचे घुसकर काट रहा था वायर
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह ट्रांसपोर्ट नगर में एक युवक ट्रक के नीचे घुसकर उसकी वायर काट रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद व्यापारियों की नजर उस पर पड़ गई। व्यापारियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा युवक बाइक लेकर भागने में सफल रहा। पकड़े गए युवक के पास रखी बोरी की तलाशी लेने पर उसमें वाहन की कटी हुई वायर मिली। इसके बाद व्यापारियों ने पुलिस को सूचना देकर आरोपी को उनके सुपुर्द कर दिया।
बाबा टोला का रहने वाला है आरोपी
पकड़े गए युवक की पहचान आन चौधरी निवासी बाबा टोला के रूप में बताई गई है। ट्रांसपोर्ट व्यापारियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से ट्रकों की वायर और बैटरी चोरी की घटनाएं हो रही हैं। उनका दावा है कि आरोपी भी काफी समय से इस तरह की वारदातों में सक्रिय था। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके फरार साथी और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस गश्त के अभाव में व्यापारियों में आक्रोश
ट्रांसपोर्ट व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। ट्रकों से वायर और बैटरी चोरी होने के कारण वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई, तो ट्रांसपोर्ट नगर में कारोबार करना और मुश्किल हो जाएगा।







