CJP के प्रदर्शन पर दिल्ली में तनाव, 60 लोग हिरासत में; सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस को भेजा नोटिस
मंगलवार को फिर होगी सुनवाई

मंगलवार को फिर होगी सुनवाई
दिल्ली ,यशभारत। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर रविवार को दिल्ली में हलचल बनी रही। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। पुलिस ने रविवार सुबह से नई दिल्ली जिले में प्रदर्शन के लिए पहुंचे 60 लोगों को हिरासत में लिया। इनमें छात्र शामिल नहीं थे। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोग सीजेपी और आम आदमी पार्टी के समर्थक हैं। प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और राजधानी में बैरिकेडिंग के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। अदालत ने दिल्ली पुलिस, केंद्रीय गृह सचिव और दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) समेत संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किया। कोर्ट ने बैरिकेडिंग की समीक्षा कर उसे हटाने के संबंध में निर्देश दिए। मामले में अगली सुनवाई मंगलवार को होगी।
सुप्रीम कोर्ट ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों को गैरकानूनी तरीके से हिरासत में नहीं लेने तथा मेट्रो और रेल सेवाएं सामान्य रखने के निर्देश भी दिए। इंटरनेट सेवा निर्बाध बनाए रखने की बात कही गई, हालांकि ये निर्देश कानून-व्यवस्था की स्थिति के अधीन हैं। शनिवार को हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से हाथापाई और तोड़फोड़ के मामलों में दिल्ली पुलिस ने 20 एफआईआर दर्ज की हैं। रविवार को भी प्रदर्शन के लिए पहुंचे कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें सीपीआई (एम) सांसद जॉन ब्रिटास भी शामिल हैं। उधर, सीजेपी के तीन प्रमुख नेताओं अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को अदालत से रिहाई मिल गई।







