महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन लाना चाहती है सरकार, नंबरों के हेरफेर से लोकतंत्र को होगा नुकसान: विवेक तन्खा
जबलपुर ,यश भारत

जबलपुर ,यश भारत । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर निशाना साधा है। ग्वालियर में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण को लागू करने के बजाय इसकी आड़ में परिसीमन लाना चाहती है। उन्होंने देश में नंबरों के हेरफेर का आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह की राजनीति लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। उनके मुताबिक लोकतंत्र तभी मजबूत होता है, जब फैसले पारदर्शी तरीके से और स्वतंत्रता के साथ लिए जाएं। तन्खा ने संसद के सत्र बुलाने के तरीके पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संसद का शीतकालीन सत्र अब तक अधिसूचित नहीं किया गया है, जबकि केवल एक विधेयक को पारित कराने के लिए तीन दिन का सत्र बुलाया जा रहा है। उनका कहना था कि इस विधेयक को नियमित शीतकालीन सत्र में भी लाया जा सकता था। उस दौरान दूसरे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और अन्य संसदीय कामकाज भी हो सकते थे।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नहीं चाहती कि संसद में उससे सवाल पूछे जाएं। एक विधेयक लाकर उसे जल्दबाजी में पारित कराने की कोशिश करना उचित संसदीय परंपरा नहीं है। तन्खा ने कहा कि किसी भी बड़े संवैधानिक बदलाव पर व्यापक चर्चा होनी चाहिए, ताकि सभी पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर मिल सके।महिला आरक्षण विधेयक को लेकर तन्खा ने कहा कि इसे संसद ने करीब तीन साल पहले ही पारित कर दिया था और इसे लागू करने के रास्ते मौजूद थे। इसके बावजूद सरकार ने इसे लागू करने की दिशा में कदम नहीं उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण को आगे बढ़ाने के बजाय सरकार इसे परिसीमन से जोड़कर नए राजनीतिक और संवैधानिक बदलाव लाना चाहती है।
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की ओर से सीटों की घोषणा को लेकर पूछे गए सवाल पर तन्खा ने कहा कि उन्हें इस घटनाक्रम की पूरी जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्हें उम्मीद है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का नेतृत्व एक-दूसरे को अच्छी तरह समझता है और दोनों दलों के बीच आपसी सम्मान का संबंध है। ऐसे में बातचीत के जरिए कोई बेहतर समाधान निकल सकता है।तन्खा के बयान से महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार तथा विपक्ष के बीच जारी राजनीतिक बहस एक बार फिर सामने आई है। जहां सरकार प्रस्तावित बदलावों को महिला आरक्षण लागू करने और संसद में प्रतिनिधित्व बढ़ाने की दिशा में जरूरी बता रही है, वहीं विपक्ष इसके तरीके, राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के संतुलन और परिसीमन की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है।







