मुख्य ख़बरें

खाकी पर पथराव, सड़क पर संग्राम! : चोरी की पूछताछ में सुलग उठा क्षेत्र ,पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त… देखें पूरा वीडियो

सतना। जिले के उचेहरा कस्बे में एक लाख रुपये की जेबकतरी के मामले में पूछताछ के लिए 14 वर्षीय नाबालिग को थाने बुलाना विवाद की वजह बन गया। नाबालिग के परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते भीड़ बसहा तिराहे पर पहुंच गई और सतना-मैहर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान पथराव भी हुआ, जिसमें डायल-112 के एफआरवी वाहन का कांच टूट गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को हटाकर करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल कराया।

पुलिस के अनुसार, बिहटा निवासी रामावतार सिंह गुरुवार दोपहर वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उचेहरा स्थित यूनियन बैंक से दो लाख रुपये निकालकर घर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने एक लाख रुपये अपनी बहू को दे दिए, जबकि शेष एक लाख रुपये अपनी जेब में रख लिए। इसके बाद वे इलाज कराने डॉ. सत्येंद्र प्रसाद की क्लीनिक पहुंचे। इसी दौरान किसी ने उनकी जेब काटकर एक लाख रुपये पार कर दिए।

बैंक से क्लीनिक तक पीछा करता दिखा संदिग्ध

रुपये गायब होने का पता चलते ही रामावतार सिंह ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। शिकायत पर उचेहरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। बैंक से लेकर क्लीनिक तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बैंक से ही रामावतार सिंह का पीछा करता दिखाई दिया। क्लीनिक पहुंचने के बाद जेब काटकर उसके वहां से निकलने की बात सामने आई।

सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने संदेह के दायरे में आए उचेहरा कस्बे के 14 वर्षीय नाबालिग को पूछताछ के लिए चिह्नित किया। शुक्रवार शाम पुलिस ने उसे परिजनों के साथ थाने बुलाया। इसी बात को लेकर परिजन और मोहल्ले के लोग नाराज हो गए। उनका विरोध देखते ही देखते हंगामे में बदल गया।

पथराव में पुलिस वाहन का कांच टूटा

थाने में विरोध के बाद भीड़ बसहा तिराहे पर पहुंची और सतना-मैहर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन इसी दौरान भीड़ की ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। पथराव में एफआरवी वाहन का कांच क्षतिग्रस्त हो गया। स्थिति बिगड़ती देख थाना प्रभारी सतीश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रव कर रहे लोगों को वहां से हटाया और सड़क से आवागमन बहाल कराया।

उचेहरा में पुलिस का फ्लैग मार्च, वीडियो से उपद्रवियों की पहचान

घटना की सूचना मिलने पर नागौद एसडीओपी रघु केशरी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ रात में उचेहरा पहुंचे। कस्बे में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। पुलिस अब वायरल तस्वीरों और वीडियो के आधार पर पथराव तथा चक्काजाम में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

एक तरफ बुजुर्ग की मेहनत की कमाई के एक लाख रुपये चोरी होने का मामला है, तो दूसरी तरफ पुलिस पूछताछ के विरोध में सड़क पर हुए उपद्रव ने कानून-व्यवस्था को चुनौती दे दी। फिलहाल पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button