यशभारत ब्रेकिंग : एमपीईबी सब स्टेशन में खूनी खेल, कंप्यूटर ऑपरेटर की एंगल से हमला कर हत्या
ननहवारा सब स्टेशन में वारदात से मचा हड़कंप

जबलपुर यशभारत। पाटन थाना क्षेत्र के ननहवारा स्थित एमपीईबी सब स्टेशन में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर गजेंद्र सिंह ठाकुर (42), निवासी सिविल लाइन पाटन की बीती रात लोहे की एंगल से हमला कर हत्या कर दी गई। सब स्टेशन परिसर में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद से ही कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।
अज्ञात आरोपी ने एंगल से किया हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गजेंद्र सिंह ठाकुर सब स्टेशन में मौजूद थे, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर लोहे की एंगल से हमला कर दिया। आरोपी ने उन पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी सामने आते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुरानी रंजिश की आशंका
प्रथम दृष्टया हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हत्या की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि मृतक का किसी से पुराना विवाद तो नहीं था अथवा वारदात के पीछे कोई अन्य कारण है। आरोपी की पहचान और हत्या की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस जुटा रही साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पाटन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। सब स्टेशन में आने-जाने वाले लोगों और संभावित संदिग्धों के संबंध में भी जानकारी एकत्र की जा रही है। 42 वर्षीय कंप्यूटर ऑपरेटर की इस तरह हत्या किए जाने से क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती फरार आरोपी तक पहुंचना और हत्याकांड की असल वजह का खुलासा करना है।







