Top-5देशमुख्य ख़बरें

दिल्ली में जैश से जुड़े संदिग्ध की गिरफ्तारी, गुजरात कनेक्शन खंगाल रहीं एजेंसियां

नई दिल्ली, एजेंसी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित तौर पर जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर पिछले कई दिनों से नजर रख रही थीं। सोशल मीडिया पर उसकी गतिविधियों की निगरानी के दौरान कुछ संदिग्ध जानकारियां सामने आईं, जिसके बाद उससे पूछताछ की गई। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। अब सुरक्षा एजेंसियां उसके संपर्कों और नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हैं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारतीय युवाओं को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रही है। आरोप है कि गिरफ्तार संदिग्ध को भी सोशल मीडिया के जरिए आतंकी संगठन से जोड़ा गया था। एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि उसे किसने संपर्क किया और किस तरह उसका ब्रेनवॉश कर संगठन के प्रभाव में लाया गया।

दिल्ली में हुई इस गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों का ध्यान गुजरात में हाल ही में पकड़े गए जैश के संदिग्ध आतंकी की ओर भी गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दिल्ली से गिरफ्तार आरोपी और गुजरात में पकड़े गए संदिग्ध के बीच कोई संपर्क या आपसी संबंध तो नहीं है। दोनों के सोशल मीडिया संपर्कों और अन्य गतिविधियों का भी मिलान किया जा रहा है।

गौरतलब है कि गुजरात एटीएस ने 27 नवंबर को वडोदरा जिले में कार्रवाई करते हुए जैश-ए-मोहम्मद से कथित तौर पर जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया था। गुप्त सूचना मिलने के बाद एटीएस की टीम ने जरोद थाना क्षेत्र में बस स्टेशन के पास विशेष अभियान चलाया था। इस दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन से एक एके-47 राइफल और 23 कारतूस बरामद किए गए थे। इसके बाद एटीएस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया था। शुरुआती जांच में उसके प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने की जानकारी सामने आई थी। इस बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसके नेटवर्क और संभावित संपर्कों की जांच कर रही हैं।

दिल्ली में हुई ताजा गिरफ्तारी को भी इसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, दोनों संदिग्धों के बीच सीधे संपर्क की अभी पुष्टि नहीं हुई है। एजेंसियां डिजिटल साक्ष्यों, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि कहीं दोनों आरोपी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button